आम आदमी की बल्ले-बल्ले! यूपी-उत्तराखंड चुनाव के चलते नहीं बढ़ेंगे पेट्रोल-डीजल के दाम
अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में लगातार हो रहे उतार-चढ़ाव के बावजूद फिलहाल देश में पेट्रोल और डीजल के दाम बढ़ने की संभावना बेहद कम नजर आ रही है। इसकी बड़ी वजह यह है कि अगले साल की शुरुआत में उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड समेत कई राज्यों में विधानसभा चुनाव होने जा रहे हैं।
अगर पुराना पैटर्न देखें, तो फरवरी 2026 में जब बिहार समेत 5 राज्यों में चुनावी माहौल था, तब कच्चा तेल महंगा होने पर भी तेल कंपनियों ने दाम नहीं बढ़ाए थे। हालांकि चुनाव खत्म होने के बाद मई 2026 में चार किश्तों में कुल 7.50 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई थी। ऐसे में आगामी विधानसभा चुनावों को देखते हुए फिलहाल ईंधन की कीमतों में किसी बड़े बदलाव के आसार नहीं दिख रहे हैं।
दुनिया के मुकाबले भारत में सबसे कम बढ़े दाम
ईरान युद्ध शुरू होने के बाद दुनिया के कई देशों में ईंधन की कीमतें दोगुने तक पहुंच गई थीं। हालांकि अब वहां दामों में कुछ नरमी आई है, लेकिन फिर भी वे काफी ऊंचे स्तर पर बने हुए हैं। आंकड़ों पर नजर डालें तो म्यांमार में पेट्रोल 74.8% और डीजल 77.6%, यूएई में पेट्रोल 73.4% और डीजल 88.5%, जबकि पाकिस्तान में पेट्रोल 25.9% और डीजल 29.9% तक महंगा बना हुआ है। इसके अलावा श्रीलंका, बांग्लादेश, चीन, अमेरिका और नेपाल में भी तेल के रेट भारत के मुकाबले काफी ज्यादा हैं।
भारत में सिर्फ 8.50% की बढ़ोतरी
वैश्विक युद्ध के इस संकट भरे दौर में भारत ने पेट्रोल और डीजल की कीमतों में महज 8.50 प्रतिशत तक ही इजाफा किया है। केंद्रीय राज्य मंत्री सुरेश गोपी के मुताबिक, पश्चिम एशिया के संकट की वजह से सरकारी तेल कंपनियों को करीब 42,000 करोड़ रुपये का भारी नुकसान उठाना पड़ा है, जिसका बोझ सरकार और कंपनियां खुद झेलकर आम जनता को महंगाई से राहत दे रही हैं।
आज क्या हैं कच्चे तेल और दिल्ली में ईंधन के ताजा रेट?
अंतरराष्ट्रीय बाजार में आज ब्रेंट क्रूड ऑयल करीब 92 डॉलर प्रति बैरल के आसपास बना हुआ है, जो 100 डॉलर के नीचे होने के कारण राहत की बात है। घरेलू बाजार की बात करें तो आज कीमतों में कोई बदलाव नहीं हुआ है। दिल्ली में आज 20% एथेनॉल मिश्रित सामान्य पेट्रोल 102.12 रुपये प्रति लीटर और सामान्य डीजल 95.20 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है। वहीं, XP95 पेट्रोल (5% एथेनॉल) की कीमत 109.24 रुपये प्रति लीटर और एथेनॉल फ्री पेट्रोल का भाव 167.35 रुपये प्रति लीटर बना हुआ है।