Khan Sir पर गिरफ्तारी का खतरा, फायरिंग मामले में FIR दर्ज, पुलिस कर रही तलाश

पटना के मशहूर शिक्षक खान सर एक बार फिर सुर्खियों में हैं, लेकिन इस बार वजह उनकी पढ़ाई नहीं बल्कि एक विवादित मामला है। बिहार पुलिस भर्ती परीक्षा के परिणामों के बाद शुरू हुए कोचिंग संस्थानों के विवाद ने अब कानूनी रूप ले लिया है। इसी मामले में पटना पुलिस ने खान सर के खिलाफ FIR दर्ज की है और उनकी तलाश जारी है।
Hero Image


मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, खान सर पर हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। फिलहाल पुलिस उन्हें खोज रही है, जबकि उनकी लोकेशन को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। इस बीच, उनके कोचिंग संस्थान के बाहर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है और ऐसी खबरें भी हैं कि वह जल्द ही अदालत में आत्मसमर्पण कर सकते हैं।


कोचिंग संस्थानों के विवाद से शुरू हुआ मामला

पूरा विवाद बिहार पुलिस भर्ती परीक्षा के परिणाम घोषित होने के बाद शुरू हुआ। खान सर के कोचिंग संस्थान और प्रतिद्वंद्वी संस्थान ज्ञान बिंदु अकादमी के बीच तनाव बढ़ गया।


बताया जाता है कि 2 जून की रात खान सर के कोचिंग सेंटर के बाहर तोड़फोड़ और पत्थरबाजी की घटना हुई। इस दौरान सुरक्षा गार्ड के साथ मारपीट की भी खबर सामने आई। घटना का CCTV वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया।

इसके बाद खान अकादमी के प्रबंधक की शिकायत पर ज्ञान बिंदु अकादमी के निदेशक रोशन आनंद और अन्य लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की गई। पुलिस ने 3 जून को रोशन आनंद समेत तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया।



फायरिंग वीडियो के बाद बढ़ीं मुश्किलें

घटना के अगले दिन ज्ञान बिंदु अकादमी की ओर से एक वीडियो जारी किया गया, जिसमें कथित तौर पर खान सर के दो बॉडीगार्ड हवाई फायरिंग करते हुए दिखाई दिए।

वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और दोनों बॉडीगार्ड्स को हिरासत में ले लिया। पूछताछ और जांच के आधार पर पुलिस ने फायरिंग की घटना को FIR में शामिल किया है। इस मामले में खान सर और उनके दोनों सुरक्षा कर्मियों को आरोपी बनाया गया है।


Khan Sir का असली नाम क्या है?

देशभर में Khan Sir के नाम से लोकप्रिय शिक्षक का असली नाम फैसल खान है। वह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले के रहने वाले हैं।

कई वर्षों से वह पटना में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराने वाले छात्रों को पढ़ा रहे हैं। उनका संस्थान ‘ Khan Global Studies Academy’ बिहार के सबसे चर्चित कोचिंग संस्थानों में गिना जाता है।