स्वतंत्रता दिवस से पहले इन 13 खूंखार आतंकियों की तलाश, दिल्ली पुलिस ने पोस्टर किए चस्पा

Newspoint
नई दिल्ली: स्वतंत्रता दिवस से ठीक पहले दिल्ली को अभेद्य किले में तब्दील करने के लिए हर संभव प्रयास किया जा रहा है। आतंकी खतरों और सुरक्षा से जुड़ी संवेदनशील इनपुट्स के बीच दिल्ली पुलिस ने राजधानी के भीड़भाड़ वाले इलाकों में अल-कायदा और खालिस्तान के खूंखार और वॉन्टेड आतंकियों के पोस्टर चस्पा कर दिए हैं। पुलिस का स्पष्ट संदेश है कि इनका पता बताने वालों को मोटा इनाम दिया जाएगा और पहचान पूरी तरह गुप्त रखी जाएगी।
Hero Image

इन 13 आतंकियों की तलाशपुलिस सूत्र ने बताया कि पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन के आस-पास समेत शहर के प्रमुख सार्वजनिक और संवेदनशील स्थानों पर ये पोस्टर लगाए गए हैं। इनमें मुख्य रूप से अल-कायदा और खालिस्तान के 13 खूंखार आतंकियों के नाम और फोटोज शामिल हैं। आरोपी मोहम्मद शारजील अख्तर, मोहम्मद रेहान, अबू सुफियान, सैयद मोहम्मद अर्शियान, मोहम्मद शाहिद फैसल, मोहम्मद उमर, रणजीत सिंह उर्फ नीता, परमजीत सिंह पम्मा, अर्शदीप सिंह उर्फ अर्श डाला, वधवा सिंह बब्बर, पुरुषोत्तम सिंह पम्मा, गुरमीत सिंह बग्गा और भूपिंदर सिंह भिंडा। पुलिस अधिकारियों का मानना है कि लाखों की आवाजाही वाले क्षेत्रों में पोस्टर लगाने से आम जनता की मदद से इन संदिग्धों तक पहुंचना आसान होगा।

सुरक्षा व्यवस्था सख्त, कंट्रोल रूम नंबर जारी15 अगस्त के राष्ट्रीय समारोह में खलल डालने की किसी भी नापाक कोशिश को नाकाम करने के लिए दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल, क्राइम ब्रांच, रेलवे पुलिस और स्थानीय थाना पुलिस चौबीसों घंटे हाई अलर्ट पर हैं। अगर किसी भी नागरिक को इन संदिग्धों या किसी भी लावारिस वस्तु की जानकारी मिलती है, तो वे तुरंत दिल्ली पुलिस के कंट्रोल रूम नंबर 112 पर सूचना दे सकते हैं। रेलवे स्टेशनों, बस अड्डों और प्रमुख बाजारों में मेटल डिटेक्टर्स, डॉग स्क्वॉड और सीसीटीवी कैमरों से चप्पे-चप्पे पर निगरानी रखी जा रही है।