साकेत हादसा: ग्राउंड जीरो पर पहुंचीं सीएम रेखा गुप्ता, मजिस्ट्रेट जांच के दिए आदेश

Newspoint
नई दिल्ली: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने रविवार को दक्षिण दिल्ली के साकेत में उस स्थान का दौरा किया, जहां शनिवार को एक इमारत गिर गई थी। इस बीच, सरकार ने मामले की मजिस्ट्रेट जांच के आदेश दिए हैं और घटना के संबंध में आपराधिक मामला भी दर्ज किया गया है।

कब हुआ हादसा
इस मामले में प्राथमिकी महरौली थाने में दर्ज की गई है, जबकि मुख्यमंत्री के निर्देशों पर दक्षिण जिला मजिस्ट्रेट की देखरेख में जांच की जाएगी। शनिवार को साकेत मेट्रो स्टेशन के पास तीन मंजिला व्यावसायिक इमारत ढह जाने से चार लोगों की मौत हो गई और आठ अन्य को बचा लिया गया।
Hero Image

सीएम रेखा गुप्ता ने दिए निर्देश
मुख्यमंत्री ने राहत एवं बचाव कार्यों की समीक्षा की और अधिकारियों को प्रभावित लोगों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। स्थानीय लोगों ने दावा किया कि ढही हुई इमारत के मलबे के नीचे अब भी कुछ लोग फंसे हो सकते हैं। इस पर रेखा गुप्ता ने कहा कि संबंधित एजेंसियां सावधानीपूर्वक खोज एवं बचाव अभियान चला रही हैं।

अधिकारियों पर कार्रवाई करने का दिया आश्वासन
निवासियों ने क्षेत्र में बड़े पैमाने पर हो रहे अवैध निर्माण और कई इमारतों में अपर्याप्त सुरक्षा उपायों को लेकर भी चिंता व्यक्त की। मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी अवैध इमारतों और उनके लिए जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

दिल्ली के एलजी ने भी अधिकारियों को दिए निर्देश
उन्होंने अधिकारियों को आसपास की जर्जर और खतरनाक इमारतों का निरीक्षण करने तथा जहां आवश्यक हो वहां सख्त कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए। दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि विभिन्न एजेंसियों द्वारा संयुक्त रूप से खोज एवं बचाव अभियान जारी है तथा प्रभावित लोगों के लिए सभी आवश्यक चिकित्सा सहायता एवं तत्काल राहत सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

युद्धस्तर पर चलाया जा रहा बचाव अभियान:आशीष सूद
दिल्ली के गृह मंत्री आशीष सूद ने कहा कि बचाव अभियान युद्धस्तर पर चलाया जा रहा है और सभी एजेंसियां आपसी समन्वय के साथ फंसे हुए लोगों को सुरक्षित निकालने तथा प्रभावित परिवारों को तत्काल सहायता पहुंचाने में जुटी हुई हैं।