ग्रेटर नोएडा के डूब क्षेत्र में अवैध निर्माण पर चलेगा बुलडोजर, सर्किल अधिकारियों को चार दिनों का अल्टीमेटम

Newspoint
नोएडा: उत्तर प्रदेश के नोएडा के डूब क्षेत्र में हुए अवैध निर्माणों को पूरी तरह से ढाहने का आदेश जारी कर दिया है। यमुना और हिंडन नदी के डूब क्षेत्र में तेजी से अवैध निर्माण किए जाने का मामला सामने आया है। इन मामलों पर पहले ही अथॉरिटी की ओर से निर्देश जारी किया गया। हालांकि, मामले में प्रगति काफी धीमी रही है। ऐसे में अब नोएडा अथॉरिटी ने डूब क्षेत्रों में अवैध निर्माण मामले में सभी सर्किल अफसरों (CO) को चार दिनों का अल्टीमेटम दिया है। इस अवधि में सर्किल क्षेत्र के डूब क्षेत्र में बने अवैध निर्माणों को तोड़ने के निर्देश दिए गए हैं। अथॉरिटी के सीईओ कृष्णा करुणेश ने सभी संबंधित अधिकारियों को 20 जून तक का समय दिया है।
Hero Image

नोएडा अथॉरिटी के सीईओ की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि 20 जून तक डूब क्षेत्र के सभी अवैध निर्माणों को हटा दिया जाए। अगर सर्किल अधिकारी समय सीमा के भीतर कार्रवाई को पूरा कराने में कामयाब नहीं होते हैं तो उन्हें कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा। सीओ ने चेतावनी दी है कि ऐसे सर्किल अधिकारियों को हटा दिया जाएगा। यमुना और हिंडन नदी के डूब क्षेत्र में किसी प्रकार के स्थायी निर्माण पर रोक है। अथॉरिटी की ओर से इस नोटिफाइड एरिया को लेकर आदेश पहले से जारी किया गया है।

लगातार हुआ है निर्माणयमुना और हिंडन डूब क्षेत्र में स्थायी निर्माण का मामला लगातार सामने आता रहा है। पिछले वर्षों में बारिश के मौसम में इन इलाकों में जलभराव की समस्या ने स्थायी निर्माणों के कारण स्थिति के विकट बनने की बात सामने लाई है। पर्यावरणविदों के स्तर पर भी डूब क्षेत्र में स्थायी निर्माणों का मामला उठता रहा है। इन पर एक्शन के आदेश जारी किए गए हैं। हालांकि, डूब क्षेत्र में वर्षों से अवैध फार्म हाउस, पक्के मकान, रिसॉर्टनुमा स्ट्रक्चर और स्विमिंग पूल का निर्माण किया गया है।

सीईओ ने जारी किया है आदेशनोएडा अथॉरिटी के सीईओ कृष्णा करुणेश ने अपने आदेश में साफ कहा है कि निर्माणाधीन और पहले से बने सभी अवैध पक्के ढांचों की पहचान की जाए। इन स्थायी ढांचों को ध्वस्त किया जाए। अधिकारियों को चार दिन के अंदर प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। दरअसल, यमुना नदी नोएडा के सेक्टर-94, 124, 125, 127, 128, 131, 133, 134, 135, 168 और 150 के आसपास से गुजरती है।

इसी प्रकार हिंडन नदी छिजारसी से प्रवेश कर सेक्टर-63ए, बेहलोलपुर, शहदरा, सुथियाना, गढ़ी चौखंडी, सेक्टर-123, 118, 115, 143, 143ए, 148 और 150 होते हुए मोमनाथल के पास यमुना में मिलती है। इन दोनों नदियों के किनारे डूब क्षेत्र में काफी ज्यादा निर्माण की बात सामने आई है।