लाल किला विस्फोट की साजिश में कैसे जुड़े मुजम्मिल और शाहीन? कोर्ट में बचाव पक्ष ने उठाए गंभीर सवाल, NIA ने क्या कहा?

Newspoint
नई दिल्ली: लाल किला विस्फोट मामले में आरोप तय करने को लेकर शनिवार को राउज एवेन्यू कोर्ट में अहम सुनवाई हुई। कार्यवाही के दौरान बचाव पक्ष ने आरोपी मुजम्मिल शकील और शाहीन सईद की कथित साजिश में भूमिका पर सवाल उठाए। वकीलों ने घटनाक्रम की तारीखों, कार की खरीद और CCTV फुटेज का हवाला देकर दलील दी कि दोनों आरोपियों को विस्फोट की साजिश से जोड़ने के पर्याप्त आधार नहीं हैं।

स्पेशल जज (NIA) प्रशांत शर्मा की अदालत में बचाव पक्ष के वकील एमएस खान, राहुल साहनी और जहबी तिहामी ने कहा कि विस्फोट में इस्तेमाल कार 30 अक्टूबर 2025 को फरीदाबाद में आमिर रशीद के नाम पर खरीदी गई थी। जबकि मुजम्मिल शकील को इससे एक दिन पहले यानी 29 अक्टूबर को गिरफ्तार कर जम्मू-कश्मीर पुलिस की हिरासत में भेज दिया गया था। ऐसे में वह कार खरीदने की प्रक्रिया में कैसे शामिल हो सकता था? बचाव पक्ष ने कहा कि मुजम्मिल ने न तो कार खरीदने के लिए पैसे दिए और न ही इसमें कोई मदद की।

CCTV फुटेज का हवालावकीलों ने CCTV फुटेज का भी हवाला दिया। उनके मुताबिक, फुटेज में उमर उन नबी, आमिर रशीद और जासिर बिलाल वानी दिखाई देते हैं, लेकिन मुजम्मिल कहीं नजर नहीं आता। बचाव पक्ष ने यह भी कहा कि मुजम्मिल और अन्य आरोपियों के बीच बातचीत का कोई सबूत नहीं है।

शाहीन सईद के मामले में दलील दी गई कि उसे विस्फोट से एक दिन पहले 9 नवंबर को लखनऊ से गिरफ्तार किया गया था। बचाव पक्ष ने उसकी कथित साजिश में भूमिका को भी चुनौती दी।

'आपराधिक साजिश के पर्याप्त सबूत'दूसरी ओर, NIA की ओर से पेश सीनियर एडवोकेट माधव खुराना ने कहा कि सभी आरोपियों के खिलाफ आपराधिक साजिश के पर्याप्त सबूत है। एजेंसी ने पहले 11 लोगों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की थी। इनमें विस्फोट में मारा गया उमर उन नबी भी शामिल था। इसके बाद दो अन्य आरोपियों के खिलाफ पूरक चार्जशीट दाखिल की गई। अभियोजन के मुताबिक, फरीदाबाद की अल फलाह यूनिवर्सिटी से साथियों की गिरफ्तारी के बाद उमर उन नबी घबरा गया था। अदालत अब सह-आरोपी शोएब की ओर से दलीलें 17 नवंबर को सुनेगी।