पानी देखकर भागने लगी महिला, लोगों को काटने दौड़ी...कुत्ते के काटने के बाद बिगड़ी हालत

Newspoint
छिंदवाड़ा: जिले के तामिया क्षेत्र से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां कुत्ते के काटने के बाद एक महिला में ऐसे लक्षण दिखने लगे, जिसने परिजनों और आसपास के लोगों को दहशत में डाल दिया। महिला पानी को देखते ही घबराकर भागने लगती थी, वहीं उसका व्यवहार भी पूरी तरह बदल गया था।

परिजनों ने बताया कि शुरुआत में महिला बेचैन रहने लगी, लेकिन धीरे-धीरे स्थिति गंभीर होती गई। वह अजीब हरकतें करने लगी और कुत्तों जैसा व्यवहार करने लगी। हालात तब और बिगड़ गए जब वह अचानक आक्रामक हो गई और आसपास के लोगों को काटने के लिए दौड़ने लगी।
Hero Image

कुत्ते के काटने के बाद इलाज नहीं कराना भारी पड़ा
  • छिंदवाड़ा के तामिया में सामने आया अजीब तरह का केस
  • एक महिला पानी देखकर डरकर भागने लगी
  • लोगों को कुत्ते की तरह काटने दौड़ने लगी
  • गले से अजीब तरह की आवाजें निकाल रही थी
  • अस्पताल में भर्ती कराया, तो निकली आशंका
  • डॉक्टर बोले, रैबीज का संक्रमण हो सकता है
  • कुत्ते के काटने के बाद नहीं लगवाए इंजेक्शन

घबराए परिजन अस्पताल लेकर पहुंचे, जिला अस्पताल किया गया रेफर
महिला की हालत बिगड़ते देख परिजन उसे तुरंत तामिया के सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया, लेकिन स्थिति गंभीर देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल में पदस्थ चिकित्सक डॉ. दिनेश पलास ने बताया कि महिला का इलाज जारी है और उसकी हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है। डॉक्टरों की टीम लगातार उसकी निगरानी कर रही है।



रेबीज (हाइड्रोफोबिया) के लक्षण, जानलेवा हो सकती है बीमारी
डॉक्टरों के मुताबिक, महिला में दिख रहे लक्षण रेबीज से मेल खाते हैं। इस बीमारी में मरीज को पानी से डर लगने लगता है, जिसे हाइड्रोफोबिया कहा जाता है। इसके साथ ही व्यवहार में बदलाव, बेचैनी और आक्रामकता बढ़ जाती है। विशेषज्ञों का कहना है कि अगर समय पर इलाज न मिले तो यह बीमारी जानलेवा साबित हो सकती है। एक बार लक्षण गंभीर रूप से विकसित हो जाएं, तो मरीज की स्थिति संभालना बेहद मुश्किल हो जाता है।


कुत्ते के काटने को नजरअंदाज न करें
डॉ. पलास ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि, कुत्ते के काटने के मामलों को कभी भी हल्के में नहीं लेना चाहिए। थोड़ी सी लापरवाही भी जिंदगी पर भारी पड़ सकती है।