यूपी चुनाव से पहले 'तिरंगा यात्रा' की तैयारी, अवध के 15 जिलों में आयोजन; अयोध्या में हुआ मंथन

Newspoint
अयोध्या: उत्तर प्रदेश के अयोध्या के सर्किट हाउस में तिरंगा यात्रा को लेकर शनिवार को भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारियों की अहम बैठक हुई। अवध के क्षेत्रीय अध्यक्ष अवधेश द्विवेदी की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में सभी 15 जिलों में तिरंगा यात्रा को लेकर तैयारियों और कार्यक्रमों पर चर्चा की गई। उन्होंने कार्यकर्ताओं से इन आयोजनों में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की। बैठक के बाद भाजपा नेता अवधेश द्विवेदी ने कहा कि तिरंगा यात्रा एक महाअभियान है। इसकी तैयारियों को लेकर जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं के साथ चर्चा की गई। यह कार्यक्रम अच्छे से हो, इसके लिए योजना बैठक की गई।
Hero Image

भाजपा नेता सरिता चौधरी ने बताया कि क्षेत्रीय अध्यक्ष ने तिरंगा यात्रा को लेकर जरूरी दिशा-निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि अवध क्षेत्र में आने वाले सभी 15 जिलों में तिरंगा यात्रा को लेकर व्यापक भागीदारी सुनिश्चित की जानी है। इसका उद्देश्य लोगों तक यह संदेश पहुंचाना है कि भाजपा केवल एक राजनीतिक दल के तौर पर ही काम नहीं करती, बल्कि उसके लिए राष्ट्रहित भी सर्वोपरि है।

राष्ट्रहित की भावना का संदेश
सरिता चौधरी ने कहा कि तिरंगा यात्रा के जरिए पूरे अवध क्षेत्र और उत्तर प्रदेश की जनता के बीच देशभक्ति और राष्ट्रहित की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं को हर जिले में कार्यक्रमों के जरिए लोगों को जोड़ना है और यह बताना है कि देश और राष्ट्रहित उनके लिए सबसे पहले है।

भाजपा नेता ने बताया कि 9 अगस्त से लेकर 17 अगस्त तक प्रदेश के अलग-अलग जिलों में तिरंगा यात्रा और राष्ट्रभक्ति से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों के माध्यम से घर-घर तक देश के प्रति सम्मान और राष्ट्रीय एकता का संदेश पहुंचाने की तैयारी है।

9 अगस्त को लखनऊ में आयोजन
सरिता चौधरी ने कहा कि 9 अगस्त को लखनऊ में भी एक बड़े तिरंगा यात्रा कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा, जिसमें करीब 25 हजार लोगों के शामिल होने की उम्मीद है। इसके बाद स्वतंत्रता दिवस यानी 15 अगस्त तक लगातार अलग-अलग जिलों में कार्यक्रम देखने को मिलेंगे।

लखनऊ को लेकर तैयारी
लखनऊ के भाजपा प्रदेश मुख्यालय में ‘हर घर तिरंगा–तिरंगा यात्रा अभियान’ को लेकर बैठक हुई। इसमें प्रदेश संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह ने कार्यकर्ताओं को जुटने और देशभक्ति कार्यक्रम में भाग लेने का निर्देश दिया। बैठक में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। तय किया गया है कि तिरंगा यात्रा को सफल बनाने की रणनीति तैयार की गई है। कार्यक्रम में 25 हजार से अधिक कार्यकर्ता के जुटने का अनुमान है।