पालघर की नागेला झील में छठ पूजा की रोक पर भड़के लोग, गेट पर लगा ताला तोड़ा, इलाके में तनाव

Newspoint
पालघर : महाराष्ट्र के पालघर जिले में नागेला झील के किनारे छठ पूजा मनाने पर रोक लगाए जाने के बाद श्रद्धालुओं के एक समूह ने झील के गेट पर लगा ताला तोड़ दिया, इस भीड़ में अधिकतर महिलायें थी। इस आशय का एक वीडियो क्लिप सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। पुलिस ने रविवार को बताया कि नालासोपारा इलाके में शनिवार शाम हुई इस घटना के संबंध में अब तक कोई मामला दर्ज नहीं किया गया है। चार दिवसीय छठ पर्व के दौरान श्रद्धालु जलाशयों के किनारे एकत्र होकर अस्ताचलगामी और उदयमान सूर्य को अर्घ्य देते हैं।

अधिकारियों ने गाला नगर इलाके में स्थित नागेला झील में पूजा-पाठ पर रोक लगा दी थी। इस प्रतिबंध को लागू करने के लिए झील के मुख्य प्रवेश द्वार पर ताला लगा दिया था। पर्व मनाने के लिए वहां पहुंचे श्रद्धालु अचानक प्रवेश द्वार बंद किए जाने से नाराज हो गए।

गुस्साई महिलाओं ने तोड़ा तालाइसके बाद आक्रोशित महिलाओं के एक समूह ने झील परिसर में प्रवेश करने के लिए ताला तोड़ दिया, जिससे वहां अफरा-तफरी मच गई और इलाके में तनाव की स्थिति पैदा हो गई। घटना के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गए हैं। एक अधिकारी ने बताया कि अचोले पुलिस थाने के कर्मी मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। उन्होंने कहा कि पुलिस को अब तक कोई शिकायत नहीं मिली है और न ही इस संबंध में कोई मामला दर्ज किया गया है।