मुंबई सेंट्रल-बोरीवली के बीच छठी रेल लाइन को रफ्तार देने के लिए बांद्रा में बनेगा नया होम प्लेटफॉर्म, बढ़ेगी लोकल

Newspoint
मुंबई: मुंबई सेंट्रल-बोरीवली के बीच बन रही छठी रेल लाइन को गति देने के लिए बांद्रा में एक नया होम प्लेटफॉर्म बनाया जाएगा। प्लैटफॉर्म नंबर 8, पूर्व की तरफ बनाया जाएगा, जहां पहले गरीब नगर बसा हुआ था। इसी के साथ ही बांद्रा-खार फ्लाईओवर का पुनर्निर्माण भी किया जाएगा और नॉर्थ साइड के बीएमसी के एफओबी में भी बदलाव किया जाएगा। अधिकारी ने बताया कि नया प्लेटफॉर्म आने से यात्रियों को फायदा मिलेगा। साथ ही लोकल बढ़ाने में भी मदद मिलेगी। पश्चिम रेलवे ने पहले ही 4 नए प्लेटफॉर्म (विरार, बोरीवली और अंधेरी) में बनाने की योजना बना चुका है। इसी कड़ी में अब बांद्रा में नया प्लेटफॉर्म काफी फायदेमंद होगा।
Hero Image

100 प्रोजेक्ट प्रभावित लोगों की शिफ्टिंग जरूरी

प्लैटफॉर्म नंबर 7(मौजूद है - कुछ काम किया जाएगा) और 8 के निर्माण से जुड़े बचे हुए स्ट्रक्चर के लिए सर्विस बिल्डिंग का टेंडर तैयार किया जा रहा है। हालांकि नया प्लेटफॉर्म बनाने से पहले वहां पर मौजूद 100 प्रोजेक्ट प्रभावित लोगों को शिफ्ट करना अब भी बाकी है। 100 प्रोजेक्ट प्रभावित लोगों को एमएमआरडीए की ओर से दूसरी जगह शिफ्ट किया जाना है। हाई कोर्ट ने भी 29 अप्रैल 2026 को निर्देश दिया हैं। हालांकि जब तक इनका पुनर्वास नहीं होता, इससे जुड़े दूसरे काम भी प्रभावित रहेंगे ।

बांद्रा-खार फ्लाईओवर का होगा दोबारा निर्माण, नई तकनीक का होगा इस्तेमाल

मुंबई सेंट्रल से बोरीवली के बीच छठी लाइन के लिए दादर से खार रोड के बीच का हिस्सा काफी महत्वपूर्ण है। फ़िलहाल बांद्रा-खार फ्लाईओवर के पुनर्निर्माण के लिए संशोधित लेआउट और स्ट्रक्चरल डिजाइन तैयार किया जा रहा है। इसकी डिजाइन 31 अक्टूबर 2026 तक तैयार हो जाएगी। रेलवे ने हार्बर लाइन सेवा को कम से कम प्रभावित करने के लिए फ्लाईओवर के नॉर्थ रैंप को प्रीकास्ट बॉक्स सेगमेंट के रूप में बनाने की योजना बनाई है। वहीं, नॉन-स्टैंडर्ड ओडब्लूजी वाले हिस्से में मौजूद घुमाव को देखते हुए अलग डिजाइन तैयार किया जा रहा है।

वर्तमान में 7 प्लेटफॉर्म

बांद्रा स्टेशन पर फिलहाल 7 प्लेटफॉर्म हैं। इनमें प्लैटफॉर्म नंबर 1 से 4 का इस्तेमाल मुख्य लाइन की लोकल ट्रेनों के लिए होता है, जबकि प्लैटफॉर्म नंबर 5 से 7 हार्बर लाइन की लोकल के लिए हैं। अब पूर्व की तरफ नया प्लैटफॉर्म नंबर 8 बनने के बाद स्टेशन पर कुल 8 प्लैटफॉर्म हो जाएंगे।

कब तक होगा काम पूरा

मुंबई सेंट्रल-दादर- मार्च 2029

दादर-खार रोड -दिसंबर 2029