सैन्य छावनी को बनाया इश्क का 'मैदान', ऑपरेशन सिंदूर का राजदार बन पाकिस्तान भेज रहा था 20 साल का जासूस

Newspoint
अलवर: राजस्थान के अलवर स्थित ईटाराणा सैन्य छावनी (कैंट एरिया) से सुरक्षा एजेंसियों ने पाकिस्तान के लिए जासूसी करने के आरोप में एक युवक को रंगे हाथों दबोचा है। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि जोधपुर का रहने वाला 20 वर्षीय कुंदन विश्नोई, पाकिस्तानी इंटेलिजेंस ऑपरेटिव (PIO) के लिए एक सक्रिय स्लीपर एजेंट के रूप में काम कर रहा था। आरोपी भारतीय सेना की छावनी और संवेदनशील इलाकों की गोपनीय जानकारी पाकिस्तान के साथ साझा करता था, जिसके बदले उसे वहां से मोटी रकम (फंडिंग) मिलती थी।
Hero Image



छावनी के अंदर ऐसे बनाई पैठजांच से सामने आई जानकारी के अनुसार कुंदन ने ईटाराणा सैन्य छावनी में रहने वाले एक स्थानीय युवक से गहरी दोस्ती गांठी थी, जिसकी आड़ में उसने प्रतिबंधित सैन्य क्षेत्र (कैंप) के अंदर एंट्री हासिल की। वह पाकिस्तान से मिलने वाले पैसों का इस्तेमाल छावनी में रहने वाले स्कूल-कॉलेज के छात्र-छात्राओं से दोस्ती करने और उनसे खुफिया इनपुट जुटाने के लिए करता था। रविवार रात को वह छावनी परिसर के भीतर ही एक छात्रा से संदिग्ध रूप से बातचीत कर रहा था। वहां गश्त कर रहे सेना के जवानों को उसकी गतिविधियों पर शक हुआ, जिसके बाद उसे तुरंत हिरासत में ले लिया गया।


इंस्टाग्राम से लड़कियों को फंसाना और महंगे गिफ्ट्स देनामामले की गंभीरता को देखते हुए आर्मी इंटेलिजेंस ने अलवर के एमआईए (MIA) थाना पुलिस को सूचित किया। सोमवार शाम करीब 5:30 बजे आरोपी को थाने लाया गया। यहां आईबी (IB), सीआईडी (CID) और अन्य खुफिया एजेंसियों की जॉइंट टीम ने उससे कड़ाई से पूछताछ शुरू की। इसके बाद जब सुरक्षा एजेंसियों ने कुंदन का मोबाइल फोन खंगाला, तो कई चौंकाने वाले खुलासे हुए। आरोपी इंस्टाग्राम के जरिए सैन्य क्षेत्र की छात्राओं को निशाना बनाता था। उनका विश्वास जीतने और उन्हें जाल में फंसाने के लिए वह उनके जन्मदिन पर महंगे-महंगे गिफ्ट्स भेजा करता था।


'ऑपरेशन सिंदूर' की लीक की जानकारी
सूत्रों के हवाले से मिली जानकारी के अनुसार, जांच में यह बात सामने आई है कि भारतीय सेना के बेहद संवेदनशील 'ऑपरेशन सिंदूर' के दौरान भी कुंदन विश्नोई पूरी तरह सक्रिय था। साथ ही उसने इस ऑपरेशन से जुड़ी कई अत्यंत गोपनीय और अहम जानकारियां सीधे पाकिस्तान भेजी थीं।

एसपी ने बताया -जासूसी नेटवर्क खंगाला जा रहा
अलवर के एसपी सुधीर चौधरी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि सभी केंद्रीय और राज्य स्तरीय सुरक्षा एजेंसियां इस गंभीर मामले की संयुक्त जांच कर रही हैं। आरोपी के पूरे नेटवर्क को खंगाला जा रहा है और पूछताछ पूरी होने के बाद जल्द ही इस बड़े जासूसी नेटवर्क का आधिकारिक तौर पर भंडाफोड़ किया जाएगा।