बजाज कैपिटल ने जय बजाज को नया CEO नियुक्त किया
वित्तीय सेवा क्षेत्र की प्रमुख कंपनी बजाज कैपिटल ने मंगलवार को जय बजाज को प्रबंध निदेशक (MD) और मुख्य कार्यपालक अधिकारी (CEO) के रूप में नियुक्त करने की जानकारी दी।
कंपनी ने एक आधिकारिक बयान में बताया कि यह नेतृत्व परिवर्तन उनके लिए एक महत्वपूर्ण कदम है। बजाज कैपिटल, जो 60 वर्षों से अधिक की विश्वसनीयता के साथ काम कर रही है, अब प्रौद्योगिकी-सक्षम और अंतर्दृष्टि-आधारित वित्तीय परामर्श संगठन में बदलने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रही है।
जय बजाज ने इस अवसर पर कहा, 'वर्तमान समय में वित्तीय योजना केवल धन या उत्पादों के प्रबंधन तक सीमित नहीं है, बल्कि यह लोगों की जीवन यात्रा को समझने और उन्हें आत्मविश्वास के साथ उनके महत्वपूर्ण लक्ष्यों को प्राप्त करने में मदद करने के बारे में है। हमारा उद्देश्य ग्राहकों के जीवन के हर चरण में उनके लिए एक आजीवन साथी बनना है।'
कंपनी ने यह भी बताया कि भविष्य में बजाज कैपिटल वित्तीय तैयारी, व्यक्तिगत सेवानिवृत्ति योजना और बेहतर ग्राहक अनुभव पर केंद्रित नई डिजिटल पहलों की शुरुआत करेगी। इस परिवर्तन के साथ, बजाज कैपिटल का लक्ष्य अपनी अग्रणी विरासत को और मजबूत करना और ग्राहकों के साथ दीर्घकालिक संबंधों को सुदृढ़ बनाना है। साथ ही, वे उनके जीवन के हर महत्वपूर्ण चरण में एक भरोसेमंद वित्तीय भागीदार बनने का प्रयास करेंगे।