अहमदाबाद : साबरमती रिवरफ्रंट पर चला सफाई अभियान, मंत्री ऋषिकेश पटेल बोले- स्वच्छता में जनता की भागीदारी जरूरी

Newspoint

अहमदाबाद, 2 जून (आईएएनएस)। अहमदाबाद में मंगलवार को गांधी आश्रम के पास साबरमती नदी किनारे 'स्वच्छ साबरमती महाअभियान' की शुरुआत की गई। इस अभियान में गुजरात सरकार के कैबिनेट मंत्री ऋषिकेश पटेल समेत जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और बड़ी संख्या में नागरिकों ने भाग लिया। मंत्री ने लोगों से स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने और इसे जन आंदोलन का रूप देने की अपील की।

Hero Image

कैबिनेट मंत्री ऋषिकेश पटेल ने कहा कि स्वच्छता लोगों का स्वभाव बने, सफाई रखने की आदत बने। मोहल्ला, गली और आसपास के क्षेत्र साफ रखने चाहिए। सरकार कूड़ा प्रबंधन और सफाई पर फोकस कर रही है, लेकिन लोगों की आदत में सफाई को शामिल करने के लिए लोगों को ही आगे आना होगा।

उन्होंने कहा कि बहुत सारे लोग सफाई अभियान के लिए साबरमती रिवरफ्रंट पर एकत्रित हुए और सफाई का आंदोलन शुरू किया है। पहले भी ये लोग ऐसा कर चुके हैं, लेकिन सफाई लोगों की आदत में शामिल हो जाए, इसके लिए प्रधानमंत्री ने भी कोशिश की है।

सफाई बनाए रखने में लोग भी अपना सहयोग दें, इसके लिए यह अभियान शुरू किया गया। इसे जन आंदोलन बनाए जाने की जरूरत है।

उन्होंने आगे कहा कि स्वच्छता केवल सरकार का विषय नहीं है, बल्कि लोगों को भी उससे जुड़ना चाहिए। हर व्यक्ति स्वच्छता के प्रति जागरूक हो, हम इस दिशा में काम कर रहे हैं।

सफाई अभियान में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। इस अभियान में मंत्री ऋषिकेश पटेल, मंत्री दर्शना वाघेला, स्थानीय विधायक, नगर पालिका प्रमुख, वरिष्ठ अधिकारी और पुलिसकर्मी शामिल हुए। सभी ने मिलकर सफाई अभियान चलाया और लोगों से भी सफाई रखने की अपील की।

सफाई अभियान के दौरान लोगों को स्वच्छता बनाए रखने की शपथ भी दिलाई गई।

इस कार्यक्रम में शामिल होने की तस्वीरों को साझा करते हुए मंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि स्वच्छता केवल एक अभियान नहीं है, बल्कि यह हमारे जीवन के मूल्यों और दायित्वों का एक अभिन्न अंग है। एक स्वच्छ परिसर स्वस्थ समाज, जागरूक नागरिक और समृद्ध राष्ट्र के निर्माण की आधारशिला बनता है। अहमदाबाद नगर निगम और साबरमती रिवरफ्रंट डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन की संयुक्त पहल के रूप में आयोजित ‘स्वच्छ साबरमती महाअभियान’ के शुभ उद्घाटन समारोह में मुझे उपस्थित रहने और नागरिक सहभागिता पर आधारित इस स्वच्छता अभियान का शुभारंभ करने का अवसर प्राप्त हुआ।

उन्होंने कहा कि पूरा विश्वास है कि प्रधानमंत्री के 'स्वच्छ भारत' के संकल्प को साकार करने की दिशा में जनभागीदारी के साथ शुरू किया गया यह महाअभियान अहमदाबाद को और भी अधिक स्वच्छ, सुंदर, हराभरा और सुव्यवस्थित शहर बनाने के लिए एक प्रेरणादायी जन आंदोलन सिद्ध होगा।

--आईएएनएस

एएमटी/एबीएम