पटनावासियों के लिए खुशखबरी, गांधी मैदान में फिर शुरू होगी मेगा स्क्रीन, मुफ्त में देख सकेंगे फिल्में
राजधानी पटना के लोगों के लिए अच्छी खबर है। अब पटनावासी एक बार फिर मुफ्त में मेगा स्क्रीन पर फिल्मों का आनंद ले सकेंगे। गांधी मैदान गेट नंबर-4 के पास लगी मेगा स्क्रीन को दोबारा शुरू करने की तैयारी पूरी कर ली गई है।
लंबे समय से बंद पड़ी इस मेगा स्क्रीन के फिर से शुरू होने से शहरवासियों को मनोरंजन का नया विकल्प मिलेगा। खास बात यह है कि यहां लोगों को बिना किसी शुल्क के फिल्में और अन्य कार्यक्रम देखने का अवसर मिलेगा।
जानकारी के अनुसार, गांधी मैदान में आने वाले लोग खुले वातावरण में बड़े पर्दे पर फिल्में, सांस्कृतिक कार्यक्रम, महत्वपूर्ण राष्ट्रीय आयोजन और अन्य विशेष प्रसारण देख सकेंगे। इससे परिवारों, युवाओं और बच्चों को एक साथ मनोरंजन का अवसर मिलेगा।
मेगा स्क्रीन के दोबारा संचालन से गांधी मैदान की रौनक भी बढ़ने की उम्मीद है। शाम के समय यहां आने वाले लोगों के लिए यह आकर्षण का प्रमुख केंद्र बन सकता है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पहले भी मेगा स्क्रीन पर होने वाले कार्यक्रमों को काफी पसंद किया जाता था।
अब इसके पुनः शुरू होने से शहरवासियों को एक बार फिर बड़े पर्दे का अनुभव मिलेगा।प्रशासन की ओर से जल्द ही स्क्रीन पर फिल्मों और अन्य कार्यक्रमों के प्रदर्शन का शेड्यूल जारी किया जा सकता है। इसके बाद पटनावासी गांधी मैदान में बैठकर मुफ्त में मनोरंजन का आनंद उठा सकेंगे।