भोजपुर में शादी समारोह में घुसकर डबल मर्डर, दो दोस्तों की गोली मारकर हत्या; तीसरा गंभीर घायल, दो बाइक से आए थे 6 बदमाश
बिहार के भोजपुर जिले में शादी समारोह के दौरान दो युवकों की गोली मारकर हत्या कर दी गई, जबकि उनका एक दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गया। वारदात आरा मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बीबीगंज चकिया गांव में मंगलवार देर रात हुई। दो बाइक पर सवार होकर आए छह हथियारबंद बदमाशों ने तीन युवकों को निशाना बनाकर ताबड़तोड़ फायरिंग की। अचानक हुई गोलीबारी से शादी की खुशियां चीख-पुकार में बदल गईं। पुलिस ने मामले की जांच के लिए एसआईटी गठित की है।
जानकारी के मुताबिक, चकिया गांव निवासी नरेश यादव की बेटी नेहा की शादी थी। बारात कृष्णगढ़ थाना क्षेत्र के पद्मिनिया गांव से आई थी। शुभकरणगंज गांव निवासी राहुल कुमार अपने दोस्तों दीपक कुमार और सोनू कुमार के साथ शादी में शामिल होने पहुंचा था। राहुल रिश्ते में दुल्हन का भांजा बताया जा रहा है।
शादी में जयमाला की रस्म पूरी हो चुकी थी। मेहमान खाना खाने के बाद आपस में बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान दो बाइक पर सवार छह हथियारबंद बदमाश समारोह में पहुंचे और युवकों पर गोलियां चलानी शुरू कर दीं। फायरिंग इतनी अचानक हुई कि वहां मौजूद लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला। लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
राहुल और दीपक की मौत, सोनू अस्पताल में भर्ती
गोलीबारी में राहुल और दीपक गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतकों में राहुल की उम्र 18 साल और दीपक की उम्र 22 साल बताई गई है। वहीं, दौलतपुर गांव निवासी 18 वर्षीय सोनू कुमार की दाहिनी जांघ में गोली लगी है। उसका आरा सदर अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस के मुताबिक, सोनू की हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई गई है।
पुरानी रंजिश में फायरिंग की आशंका, एसआईटी गठित
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। शुरुआती जांच में वारदात के पीछे पुराना विवाद या रंजिश होने की आशंका जताई गई है। पुलिस ने घटनास्थल से तीन खोखे और एक पिलेट बरामद किए हैं।
घायल सोनू ने कुछ लोगों पर गोलीबारी में शामिल होने का आरोप लगाया है। हालांकि, पुलिस इन आरोपों की जांच कर रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसआईटी गठित की गई है। पुलिस संदिग्धों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। फायरिंग की असली वजह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।