Punjab Board 12th Result 2026: पंजाब बोर्ड 12वीं रिजल्ट आज होगा जारी, pseb.ac.in से डाउनलोड होगी मार्कशीट
इस साल पंजाब बोर्ड 12वीं की परीक्षा में शामिल हुए छात्रों का इंतजार खत्म होने वाला है. पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड यानी पीएसईबी (PSEB) 13 मई यानी आज रिजल्ट जारी करेगा. पीएसईबी के अध्यक्ष डॉ. अमरपाल सिंह दोपहर 12:30 बजे कक्षा 12वीं के परिणाम घोषित करेंगे. परिणाम घोषित होते ही छात्र उसे बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट pseb.ac.in पर देख सकते हैं और अपनी मार्कशीट भी डाउनलोड कर सकते हैं. मार्कशीट डाउनलोड करने के लिए छात्रों को अपने लॉगिन क्रेडेंशियल, जैसे कि रोल नंबर और पासवर्ड का उपयोग करना होगा.
परीक्षा पास करने के लिए छात्रों को कुल मिलाकर 33 प्रतिशत अंक प्राप्त करने होंगे. जिन विषयों में प्रैक्टिकल और थ्योरी दोनों हैं, उनमें छात्रों को दोनों में अलग-अलग पास होना होगा. ये न्यूनतम अंक प्राप्त करने में असफल रहने वाले छात्रों को कंपार्टमेंट परीक्षा देनी होगी. रिजल्ट जारी होने के बाद कंपार्टमेंट परीक्षा की तारीखों की घोषणा की जाएगी.
पिछले साल कक्षा 12वीं की कंपार्टमेंट परीक्षाएं 8 अगस्त से शुरू होकर 29 अगस्त 2025 को खत्म हुईं थीं. ये परीक्षा एक ही शिफ्ट में सुबह 11 बजे से दोपहर 2.15 बजे तक आयोजित की गई थी. वहीं, इस साल की थ्यौरी मेन परीक्षा की बात करें तो ये परीक्षाएं 17 फरवरी को शुरू हुईं थीं और 4 अप्रैल 2026 को खत्म हुईं थीं.
पिछले साल कैसा रहा था रिजल्ट?पिछले साल यानी 2025 में कक्षा 12वीं की पीएसईबी परीक्षा के परिणाम 14 मई को दोपहर 3 बजे के बाद घोषित किए गए थे, जिसमें कुल 91 प्रतिशत छात्र पास हुए थे. इस परीक्षा में बरनाला की हरसिरत कौर ने 100 प्रतिशत अंक प्राप्त कर पूरे प्रदेश में टॉप किया था. वहीं, साल 2024 में पंजाब बोर्ड की कक्षा 12वीं की परीक्षाएं 13 फरवरी से 30 मार्च तक आयोजित की गईं थीं और परिणाम 30 अप्रैल को घोषित किए गए थे. उस साल परीक्षा में कुल 93.04 प्रतिशत छात्र पास हुए थे.
2022 और 2023 में कब जारी हुए रिजल्ट?अगर साल 2023 और 2022 की बात करें तो 2023 में पीएसईबी कक्षा 12वीं की बोर्ड परीक्षा के परिणाम 25 मई और 2022 में 28 जून को परिणाम घोषित किए गए थे. वहीं, साल 2021 में बोर्ड ने 31 जुलाई को परिणाम घोषित किए थे.
ये भी पढ़ें: