नोरा फतेही का फुटबॉल से पुराना नाता रहा है। याद दिला दें कि साल 2022 में उन्होंने फीफा वर्ल्ड कप के दौरान अपनी परफॉरमेंस से पूरी दुनिया में वाहवाही लूटी थी। उस दौरान उन्होंने 'लाइट द स्काई' एंथम पर परफॉर्म किया था। शायद यही वह दौर था जब फुटबॉल के प्रति उनका लगाव और गहरा हुआ। अब ताजा मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो नोरा का दिल एक करोड़पति फुटबॉलर के लिए धड़क रहा है। हाल ही में नोरा फतेही को मोरक्को में देखा गया। वे वहां 'अफ्रीकन कप ऑफ नेशंस 2025' (AFCON 2025) के मैच का लुत्फ उठाने पहुंची थीं।
दुबई से मोरक्को तक साथ-साथ
सुर्खियां तब और तेज हो गईं जब रिपोर्ट्स में दावा किया गया कि नोरा और इस मिस्ट्री फुटबॉलर को कई जगहों पर एक साथ स्पॉट किया गया है। बताया जा रहा है कि दुबई और मोरक्को में दोनों को साथ देखा गया है। हालांकि, इस बात की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन फैंस और मीडिया के बीच अनुमान का दौर जारी है।
प्राइवेसी है पहली पसंद
नोरा फतेही उन सितारों में से हैं जो अपनी पर्सनल लाइफ को काफी हद तक प्राइवेट रखना पसंद करती हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, नोरा और उनके यह कथित फुटबॉलर बॉयफ्रेंड, दोनों ही अपने रिश्ते को लाइमलाइट से दूर रखना चाहते हैं। इसकी एक बड़ी वजह यह मानी जा रही है कि नोरा फिलहाल अपने करियर के पीक पर हैं और उनका पूरा फोकस अपने काम पर है। वे नहीं चाहतीं कि उनके काम से ज्यादा चर्चा उनकी निजी जिंदगी की हो। यही वजह है कि दोनों अपने रिश्ते को दुनिया की नजरों से बचाकर रख रहे हैं।
क्या बजेगी शादी की शहनाई?
इन डेटिंग की खबरों के बीच फैंस की उत्सुकता इस बात को लेकर भी बढ़ गई है कि क्या नोरा जल्द ही शादी के बंधन में बंधने वाली हैं। सोशल मीडिया और गॉसिप गलियारों में तो यहां तक चर्चा है कि यह जोड़ा साल 2026 में शादी कर सकता है। हालांकि, नोरा की तरफ से इस पर कोई भी बयान नहीं आया है।
पुराने लिंक-अप्स और अफवाहें
यह पहली बार नहीं है जब नोरा फतेही का नाम किसी के साथ जुड़ा हो। इससे पहले भी उनका नाम इंडस्ट्री के कई जाने-माने चेहरों के साथ जोड़ा जा चुका है। प्रिंस नरूला, अंगद बेदी और कोरियोग्राफर टेरेंस लुईस के साथ भी उनके लिंक-अप की खबरें खूब उड़ी थीं। इसके अलावा अमेरिकन सिंगर और सॉन्ग राइटर बेंसन बून के साथ भी उनके अफेयर के चर्चे रहे हैं। लेकिन नोरा ने हमेशा इन बातों को अफवाह ही बताया या चुप्पी साधे रखी।
आगे क्या?
फिलहाल नोरा अपने इंटरनेशनल प्रोजेक्ट्स और बॉलीवुड फिल्मों में व्यस्त हैं। वह ग्लोबल लेवल पर अपनी पहचान को और मजबूत करने में जुटी हैं। लेकिन मोरक्को में उनकी मौजूदगी और फुटबॉल कनेक्शन ने फैंस को सोचने पर मजबूर कर दिया है। क्या वाकई नोरा को अपना सपनों का राजकुमार मिल गया है? या फिर यह महज एक और अफवाह है। यह तो आने वाला वक्त ही बताएगा, लेकिन इतना तय है कि नोरा के चाहने वाले उन्हें दुल्हन के रूप में देखने के लिए अभी से उत्साहित हैं।