चेंगलपट्टू संरक्षण केंद्र से 12 किशोर फरार, वार्डन-सुरक्षाकर्मी पर हमला से मचा हड़कंप
- पुलिस के त्वरित कार्रवाई में तीन को दबोचा शेष नौ की तलाश जारी
चेंगलपट्टू। तमिलनाडु के चेंगलपट्टू जिले स्थित आथूर सरकारी संरक्षण एवं प्रशिक्षण केंद्र से रविवार देर रात 12 किशोर वार्डन और सुरक्षाकर्मी पर हमला कर फरार हो गए। भागने के दौरान उन्होंने रास्ते में तीन लोगों से मारपीट कर उनके दोपहिया वाहन और मोबाइल फोन भी छीन लिए। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन किशोरों को पकड़ लिया है, जबकि शेष नौ की तलाश के लिए व्यापक अभियान चलाया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, चेंगलपट्टू के निकट आथूर फलोद्यान क्षेत्र में कांचीपुरम-चेंगलपट्टू राजमार्ग पर स्थित इस सरकारी संरक्षण एवं प्रशिक्षण केंद्र में विभिन्न मामलों में शामिल 18 वर्ष से कम आयु के किशोरों को रखा जाता है। यहां उन्हें बेकरी सहित कई व्यावसायिक प्रशिक्षण भी दिए जाते हैं। वर्तमान में केंद्र में तमिलनाडु के विभिन्न जिलों से लाए गए 72 किशोर रह रहे हैं।
रविवार देर रात वार्डन जब किशोरों को भोजन देने पहुंचे तो कमरे का दरवाजा खुलते ही 12 किशोरों ने उन पर हमला कर दिया और बाहर निकल आए। इसके बाद उन्होंने मुख्य प्रवेश द्वार पर तैनात सुरक्षाकर्मी एझुमलाई पर भी हमला किया, उनसे मुख्य गेट की चाबी छीन ली और गेट खोलकर परिसर से फरार हो गए।