Onion Price: ₹60 नहीं, सिर्फ ₹35 किलो मिल रहा प्याज, जानें कहां और कैसे खरीदें

महंगाई के बीच रसोई का बजट संभालना आम लोगों के लिए लगातार मुश्किल होता जा रहा है। खासकर सब्जियों की बढ़ती कीमतों ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। बाजार में जहां प्याज की कीमत करीब ₹60 प्रति किलो तक पहुंच गई है, वहीं कुछ जगहों पर यह सिर्फ ₹35 प्रति किलो में मिल रहा है। दरअसल, केंद्र सरकार ने आम जनता को महंगे प्याज से राहत देने के लिए एक खास पहल शुरू की है। इसके तहत लखनऊ में नेशनल कोऑपरेटिव कंज्यूमर्स फेडरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (NCCF) की ओर से रियायती दरों पर प्याज बेचा जा रहा है। आइए जानते हैं कि इस योजना का लाभ कहां और कैसे उठाया जा सकता है।
2-Onion Price


₹35 किलो में मिल रहा प्याज

खुले बाजार में प्याज की बढ़ती कीमतों को देखते हुए केंद्रीय उपभोक्ता मामले मंत्रालय ने NCCF के माध्यम से सस्ते प्याज की बिक्री शुरू की है। इस पहल का उद्देश्य बाजार में प्याज की कीमतों को नियंत्रित करना और आम उपभोक्ताओं को महंगाई से राहत देना है।


लखनऊ में मोबाइल वैन और अधिकृत रिटेल आउटलेट के जरिए प्याज की बिक्री की जा रही है। शहर के 13 प्रमुख इलाकों में लोगों को ₹35 प्रति किलो की दर से प्याज उपलब्ध कराया जा रहा है। इनमें राजाजीपुरम, आलमबाग, चौक, गोमती नगर और मुंशी पुलिया जैसे इलाके शामिल हैं।

उपभोक्ता मामलों के विभाग ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर इस पहल की जानकारी देते हुए लिखा, “Fresh, quality onions are now available at just ₹35/kg!” Get onions at affordable prices through NCCF sale locations across Lucknow & Andhra Pradesh. Choose quality, enjoy fair prices, and shop with confidence.


लखनऊ में इन 13 जगहों पर मिलेगा सस्ता प्याज

अगर आप लखनऊ में रहते हैं और बाजार के मुकाबले कम कीमत पर प्याज खरीदना चाहते हैं, तो NCCF के बिक्री केंद्रों और मोबाइल वैन का रुख कर सकते हैं। शहर में प्याज की बिक्री के लिए इन 13 स्थानों को चुना गया है:

  • राजाजीपुरम
  • आईआईएम रोड
  • बुद्धेश्वर
  • चौक
  • चारबाग
  • विकास नगर
  • आलमबाग
  • इंदिरा नगर
  • मुंशी पुलिया
  • गोमती नगर
  • कुर्सी रोड
  • ट्रांसपोर्ट नगर
  • NCCF ऑफ इंडिया लिमिटेड, लखनऊ कार्यालय
इन इलाकों में रहने वाले लोग निर्धारित बिक्री केंद्रों से रियायती कीमत पर प्याज खरीद सकते हैं।

कैसे काम करती है NCCF की मोबाइल वैन योजना?

NCCF ने प्याज को ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचाने के लिए मोबाइल वैन की व्यवस्था की है। ये विशेष वैन रोजाना लखनऊ के निर्धारित 13 इलाकों और उनके आसपास की रिहायशी सोसायटियों में पहुंचती हैं।

लोग इन वैन पर लगे काउंटर से सीधे प्याज खरीद सकते हैं। इसके लिए किसी विशेष कार्ड, पहचान पत्र या अन्य दस्तावेज की जरूरत नहीं है। हालांकि, प्रत्येक व्यक्ति के लिए प्याज खरीदने की एक निश्चित मात्रा निर्धारित की गई है।


इस पहल से उन परिवारों को राहत मिलने की उम्मीद है, जिन्हें बढ़ती कीमतों के कारण रोजमर्रा की जरूरतों का सामान खरीदने में परेशानी हो रही है। अगर आप भी सस्ते प्याज का फायदा उठाना चाहते हैं, तो अपने नजदीकी NCCF बिक्री केंद्र या मोबाइल वैन के बारे में जानकारी लेकर खरीदारी कर सकते हैं।