हिमाचल के रामपुर में दर्दनाक हादसा… खाई में गिरी HRTC बस, एक की मौत, 2 गंभीर रूप घायल

Newspoint

Shimla News: हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले स्थित रामपुर उपमंडल में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ. हिमाचल सड़क परिवहन निगम की एक यात्री बस अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी. सनेई से रामपुर जा रही इस बस में करीब 20 यात्री सवार थे. इस भीषण दुर्घटना में एक युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो अन्य यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए हैं जिनका इलाज अस्पताल में जारी है.

Hero Image

प्राप्त जानकारी के अनुसार, हादसा शुक्रवार सुबह करीब 7:45 बजे पेश आया. एचआरटीसी की बस यात्रियों को लेकर सनेई से रामपुर की ओर आ रही थी. रास्ते में अचानक चालक का वाहन से नियंत्रण हट गया और बस सीधे गहरी खाई में जा गिरी. चीखपुकार सुनते ही आसपास के ग्रामीण व स्थानीय निवासी तुरंत घटनास्थल की ओर दौड़े.

कराली गांव के 19 वर्षीय वंश नेगी की मौत

हादसे में जान गंवाने वाले युवक की पहचान रामपुर के कराली गांव निवासी वंश नेगी के रूप में हुई है. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, खाई में गिरते ही बस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और वंश नेगी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया. घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिवार में कोहराम मच गया.

खनेरी अस्पताल में भर्ती कराए गए घायल

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और एंबुलेंस के पहुंचने से पहले ही स्थानीय ग्रामीणों ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया था. ग्रामीणों ने खाई से घायलों को निकाला और अपने निजी वाहनों की मदद से महात्मा गांधी चिकित्सा सेवा परिसर , खनेरी पहुंचाया. खनेरी अस्पताल प्रशासन को सूचना मिलते ही चिकित्सा टीम को तुरंत अलर्ट पर रखा गया.

अस्पताल पहुंचाए गए सभी यात्रियों का उपचार शुरू कर दिया गया है. डॉक्टरों के अनुसार, दो यात्रियों को गंभीर चोटें आई हैं, जिनका इलाज जारी है. पुलिस प्रशासन ने हादसे का संज्ञान लेते हुए मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के सटीक कारणों की तफ्तीश की जा रही है.