केतन अग्रवाल हत्याकांड: लोहागढ़ किले पर केतन को किसने दिया धक्का? सिया ने स्पॉट पर खोले राज
पुणे ; पुणे के बहुचर्चित केतन अग्रवाल हत्याकांड की जांच में एक अहम मोड़ आया है. पुलिस ने मामले की मुख्य आरोपी सिया गोयल को लोहगढ़ किले यानी घटनास्थल पर ले जाकर क्राइम सीन रीक्रिएट किया. इस दौरान सिया ने पुलिस को सिलसिलेवार तरीके से बताया कि घटना के दिन किले पर असल में क्याक्या हुआ था.
एसपी संदीप सिंह गिल के नेतृत्व में पुलिस टीम सिया को घटनास्थल पर ले गई. वहां पूरी घटना का सीन रीक्रिएशन किया गया. पुलिस ने यह समझने की कोशिश की कि केतन को ठीक किस जगह से नीचे धकेला गया और वारदात के समय हर आरोपी की क्या भूमिका थी.
सिया का खौफनाक कबूलनामा
डिप्टी एसपी गजानन टोंम्पे ने बताया कि सिया पुलिस जांच में पूरा सहयोग कर रही है और उसने सभी सवालों के संतोषजनक जवाब दिए हैं. सिया ने पूछताछ में एक चौंकाने वाली बात कही कि रिश्ता तोड़ने के बजाय उसने केतन की हत्या करना चुन लिया.
पहाड़ी से धक्का किसने दिया?
जब पुलिस से यह पूछा गया कि लोहगढ़ किले से केतन को असल में धक्का किसने दिया था, तो पुलिस ने इसका सीधा जवाब नहीं दिया. टोंम्पे ने कहा, हम अभी इस पहलू पर काम कर रहे हैं और कई तथ्यों पर विचार किया जा रहा है. हमने बार बार उससे पूछने की कोशिश की है, जो जानकारी हाथ लगी है, उसे मिलान कर रहे हैं. पुलिस ने बताया कि जरूरत पड़ने पर सहआरोपी चेतन चौधरी को भी जांच अधिकारी के निर्देशानुसार लोहगढ़ ले जाया जा सकता है. इस मामले में अभी और सबूत जुटाए जा रहे हैं.