हिमाचल में बेटी के जन्म पर जश्न- नाना ने निकाली रथ यात्रा, बैंड-बाजे संग ननिहाल पहुंची नन्ही परी

Newspoint

हिमाचल में बेटी के जन्म पर जश्न नाना ने निकाली रथ यात्रा, बैंडबाजे संग ननिहाल पहुंची नन्ही परी

हमीरपुर। जिस समाज में कभी बेटी के जन्म पर दुख जताया जाता था, वहीं आज बेटियों के आगमन पर जश्न मनाकर खुशियां बांटी जा रही हैं। ऐसी ही एक खूबसूरत मिसाल हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर में देखने को मिली, जहां एक परिवार ने अपनी नातिन के स्वागत को यादगार बना दिया।

Hero Image
सेवानिवृत्त कानूनगो शेर सिंह के परिवार ने नन्ही श्रजीनिका के नाना के घर पहली बार पहुंचने पर फूलों से सजे रथ और बैंडबाजे के साथ उसका स्वागत किया। परिवार की इस पहल ने बेटियों के प्रति बदलती सोच और उनके लिए प्यार व सम्मान का खूबसूरत संदेश दिया।

बता दें कि मामला हमीरपुर शहर के वार्ड नंबर 10 बाईपास का है। यहां नातिन के स्वागत के लिए नाना शेर सिंह, नानी अनीता और परिवार के अन्य सदस्य घर से कुछ दूरी पर एकत्रित हुए।

इसके बाद बैंडबाजे की धुन के बीच नन्ही श्रजीनिका को सजे हुए रथ में बिठाकर घर लाया गया।

घर पहुंचने पर परिवार के लोगों ने बच्ची का खुशी के साथ स्वागत किया। इस दौरान पूरे परिवार में उत्सव जैसा माहौल रहा।

शेर सिंह ने बताया कि करीब तीन साल पहले उनकी बड़ी बेटी के घर भी बेटी का जन्म हुआ था। उस समय भी नातिन को इसी तरह सजे हुए रथ में बिठाकर नाना के घर लाया गया था।

अब एक बार फिर परिवार ने उसी परंपरा को निभाते हुए श्रजीनिका के आगमन पर खुशियां मनाईं। परिवार का कहना है कि बेटियों का जन्म भी उतनी ही खुशी का मौका है, जितना बेटों का।

शेर सिंह ने कहा कि बेटियां परिवार की खुशियां बढ़ाती हैं और आज वे हर क्षेत्र में बेटों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर आगे बढ़ रही हैं।

इसलिए बेटी के जन्म को भी उत्सव की तरह मनाना चाहिए। इससे समाज में बेटियों के प्रति अच्छी सोच बढ़ेगी और उन्हें भी बेटों के बराबर प्यार, सम्मान और अवसर मिल सकेंगे।