इंस्टाग्राम पर प्यार और शादी, अब पति ने पत्नी को जिंदा जलाया… फिर थाने में किया सरेंडर; सुपौल में प्रेम विवाह का खौफनाक अंत

Newspoint

Bihar Crime: बिहार के सुपौल जिले में एक विवाहिता को जिंदा जला दिया गया. ये सससनीखेज घटना जिले के रतनपुर थाना क्षेत्र में हुई. मृतका की पहचान दामिनी देवी के रूप में हुई है. आग में झुलसने के बाद इलाज के दौरान दामिनी की मौत हो गई. आरोप है कि उसके पति संजीव साह ने उसे सुनसान जगह पर बुलाकर पेट्रोल छिड़का और आग लगा दी.

इतना ही नहीं घटना के बाद आरोपी खुद भपटियाही थाने पहुंचा और सरेंडर कर दिया. पुलिस मामले की जांच में जुटी है. जानकारी के अनुसार, मुजफ्फरपुर जिले की रहने वाली दामिनी और सुपौल जिले के भपटियाही थाना क्षेत्र अंतर्गत लौकहा पंचायत के कोढली गांव निवासी संजीव साह की जानपहचान सोशल मीडिया के जरिए हुई थी.

दामिनी से तलाक लेने की बात कहने लगा था संजीव

फेसबुक और इंस्टाग्राम पर बातचीत के दौरान दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और प्यार हो गया. इसके बाद दोनों ने करीब 10 महीने पहले कोर्ट मैरिज कर ली. शुरुआत में प्यार के बाद शादी तक पहुंचे इस रिश्ते में बाद में दरार आने लगी. स्थानीय लोगों के अनुसार, संजीव 23 अक्टूबर को दामिनी से तलाक लेने की बात कहने लगा था.

दामिनी 24 अक्टूबर को अपने मायके से भपटियाही थाना क्षेत्र के कोढली गांव पहुंची थी. इसके बाद दोनों के बीच क्या हुआ, यही अब पुलिस की जांच का अहम हिस्सा है. घटना शनिवार रात करीब 10 बजे की बताई जा रही है. घटनास्थल रतनपुर थाना क्षेत्र की सातनपट्टी पंचायत के वार्ड5 में सुपौल उपशाखा नहर के पास है. आरोप है कि संजीव दामिनी को बाइक पर बैठाकर अलगअलग जगहों पर घुमाने के बाद सुनसान स्थान पर ले गया. वहां कथित तौर पर पेट्रोल छिड़ककर उसे आग लगा दी.

आग की लपटों में घिरी दामिनी भागकर गांव की ओर पहुंची

आग की लपटों में घिरी दामिनी किसी तरह वहां से भागकर गांव की ओर पहुंची और लोगों से बचाने की गुहार लगाने लगी. स्थानीय लोगों ने उसे पहनने के लिए साड़ी दी. सूचना मिलने पर पुलिस ने उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया. बाद में बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल, सुपौल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.

इस मामले में दामिनी का मौत से पहले का बयान बेहद अहम माना जा रहा है. उसने पुलिस को बताया था कि उसका पति उसे सुनसान जगह पर ले गया और पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी. महिला ने यह भी आरोप लगाया कि घटना के बाद उसका सामान और मोबाइल लेकर आरोपी वहां से फरार हो गया. पुलिस इस बयान के साथ घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्यों और दूसरे तथ्यों की जांच कर रही है.

आरोपी का पिता भी हिरासत में

घटना के बाद संजीव साह भपटियाही थाने पहुंचा और आत्मसमर्पण कर दिया. इसके बाद उसे रतनपुर पुलिस के हवाले कर दिया गया. आरोपी के पिता किन्नू साह को भी पुलिस ने हिरासत में लिया है. वीरपुर के एसडीपीओ पवन कुमार ने बताया कि मामले में कार्रवाई की जा रही है. भपटियाही थानाध्यक्ष जयप्रकाश चौधरी और रतनपुर थानाध्यक्ष पिंटू कुमार के अनुसार, पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है.

फॉरेंसिक साक्ष्यों, महिला के मृत्यु से पहले के बयान और अन्य उपलब्ध तथ्यों के आधार पर घटना की परिस्थितियों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है. वहीं, मृतका के पिता राजकुमार मंडल और भाई कुनाल कुमार को घटना की सूचना दे दी गई है. आरोपी संजीव पंजाब में मजदूरी करता है, जबकि उसके पिता खेतीबाड़ी का काम करते हैं.

प्यार से शुरू हुआ रिश्ता मौत पर खत्म, कई सवाल बाकी

सोशल मीडिया पर शुरू हुई जानपहचान के बाद दोनों ने शादी का फैसला लिया था, लेकिन शादी के महज 10 महीने के भीतर दामिनी की दर्दनाक मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं. क्या तलाक की बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ था? घटना वाले दिन आखिर क्या हुआ था? घटनास्थल से मिले साक्ष्य मामले की जांच में क्या खुलासा करेंगे? इन सवालों के जवाब पुलिस की जांच के बाद ही सामने आ सकेंगे.

फिलहाल, दामिनी की मौत के मामले में उसके पति पर गंभीर आरोप हैं और पुलिस मृत्यु पूर्व बयान सहित सभी साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है.