डिप्टी CM सुरिंदर चौधरी ने विरोधियों से मिलाया हाथ, CM उमर के आदेश भी नजरअंदाज, MLA जावेद चौधरी का बड़ा आरोप

Newspoint

विधायक जावेद चौधरी ने उपमुख्यमंत्री सुरिंदर चौधरी पर मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला के निर्देशों की अनदेखी कर फंड आवंटन में अनियमितता और अपने निर्वाचन क्षेत्र में विकास कार्यों का बजट मोड़ने का आरोप लगाया है।

Newspoint

सत्तारूढ़ नेशनल कन्फ्रेंस में बढ़ती गुटबाजी के बीच उपमुख्यमंत्री सुरिंदर चौधरी पर उनकी ही पार्टी के विधायक जावेद इकबाल चौधरी ने मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला और जनता का भरोसा तोड़ने का आरोप लगाया है।

Hero Image

राजौरी जिले के बुढ़ाल से विधायक जावेद चौधरी ने मंगलवार को कहा कि मुख्यमंत्री के स्पष्ट निर्देशों के बावजूद उपमुख्यमंत्री ने फंड आवंटन में कथित अनियमितताओं को दूर करने के बजाय उनके राजनीतिक प्रतिद्वंद्वियों से हाथ मिला लिया। उपमुख्यमंत्री के रवैये को ‘तानाशाही और निरंकुश’ बताते हुए जावेद चौधरी ने कहा कि उन्होंने मुख्यमंत्री और जनता, दोनों के विश्वास के साथ विश्वासघात किया है।

उनका कहना था कि तीन जून को दाचीगाम में हुई बैठक में मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने उपमुख्यमंत्री को फंड आवंटन सहित अन्य मामलों में कथित गड़बड़ियों को दूर करने के निर्देश दिए थे। ‘लेकिन गलतियों को सुधारने के बजाय उन्होंने हमारे विरोधियों से हाथ मिला लिया, ताकि उनके खिलाफ आवाज उठाने की सजा हमें दी जा सके,’ जावेद ने आरोप लगाया।

21.47 करोड़ अकेले उपमुख्यमंत्री के क्षेत्र में खर्च

विधायक ने यह भी आरोप लगाया कि उपमुख्यमंत्री उन विधायकों को नेशनल कॉन्फ्रेंस से निष्कासित कराने की धमकी देते हैं, जो उनके खिलाफ आवाज उठाते हैं। जावेद चौधरी ने दावा किया कि उपमुख्यमंत्री ने राजौरी जिले के अधिकांश विकास कार्यों का बजट अपने विधानसभा क्षेत्र नौशेरा की ओर मोड़ दिया है।

उनके अनुसार, वित्त वर्ष 202526 में एसएएससीआई योजना के तहत 33.71 करोड़ रुपये के कुल व्यय में से 21.47 करोड़ रुपये केवल नौशेरा विधानसभा क्षेत्र में खर्च किए गए। इसके अलावा, इस योजना के तहत राजौरी जिले के लिए आवंटित 9.22 करोड़ रुपये भी नौशेरा क्षेत्र में स्थानांतरित कर दिए गए।

उन्होंने आरोप लगाया कि नानफंक्शनल बिल्डिंग्स योजना के तहत वर्ष 202526 में खर्च किए गए 1.28 करोड़ रुपये में से 1.03 करोड़ रुपये भी केवल उपमुख्यमंत्री के विधानसभा क्षेत्र में खर्च किए गए। जावेद चौधरी ने यह भी दावा किया कि यूटी कैपेक्स बजट 202526 के तहत 200 करोड़ रुपये के विकास कार्यों को प्रशासनिक मंजूरी दी गई है। इनमें से 137 करोड़ रुपये की लागत वाले पुल केवल नौशेरा विधानसभा क्षेत्र के लिए स्वीकृत किए गए हैं, जबकि जिले के अन्य विधानसभा क्षेत्रों में एक भी पुल को मंजूरी नहीं मिली।