13 साल की दुल्हन ने मायके में दे दी जान, मां की रजामंदी से 26 दिन पहले की थी लव मैरिज, फिर पति ने खोला ये राज
हिमाचली खबर: Jhansi News: उत्तर प्रदेश के झांसी से ऐसी खबर सामने आई है, जो इस वक्त पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है. यहां 13 साल की नई नवेली दुल्हन ने जहर खाकर जान दे दी. पति की उम्र भी 18 साल है. मौत के बाद पति ने बताया कि किस बात से दुल्हन परेशान थी. मामला कटेरा थानाक्षेत्र के कचनेव गांव का है. 26 दिन पहले ही नाबालिग लड़की की शादी हुई थी. परिजनों के मुताबिक वो बारबार अपने प्रेमी से शादी करने की जिद कर रही थी.
परिवार की मानें तो हमने बिटिया को काफी समझाया भी. मगर वो मानी नहीं. उसकी जिद के आगे हम लोग हार गए और प्रेमी से उसकी शादी भी करवा दी. अभी वो पति के साथ मायके आई थी. उसने जहर खा लिया. मां से कहा मम्मी मैंने दवाई खा ली है. यह सुनते ही परिजनों ने उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया. मगर इलाज के दौरान दुल्हन की मौत हो गई.
13 साल की रेखा का 18 साल के विवेक से अफेयर था. बड़ी बेटी की जहां शादी हुई थी, वहां रेखा अक्सर जाया करती थी. यहीं उसकी मुलाकात विवेक से हुई थी. बड़ी बहन और मां को जब इस रिश्ते की भनक लगी तो उन्होंने रेखा को खूब समझाया. मगर वो नहीं मानी. कहती थी मुझे बस विवेक चाहिए. मेरी शादी करवा दो उससे.
लाख समझाइश और मिन्नतों के बाद भी जब वो नहीं मानी तो परिवार ने 30 अप्रैल को दोनों की शादी करवा दी. शादी को महज 26 दिन बीते थे. रेखा अपने मायके आई थी. पति विवेक भी उसके साथ आया था. सोमवाल को गांव में भंडारे का आयोजन था. घर के सभी लोग भंडारे में शामिल होने गए थे. वहीं, घर पर रेखा और उसका पति विवेक ही थी. वो दोनों भी जाने के लिए तैयार हो रहे थे.
पति को भी नहीं पता था कि रेखा ने जहर खाया है
इस बीच रात करीब 8 बजे रेखा ने जहर का सेवन कर लिया. मगर तब तक पति को भी नहीं पता था कि उसने जहर खा लिया है. दोनों जैसे ही भंडारे के लिए जाने लगे तभी रेखा की तबीयत खराब होने लगी. उसके पेट में दर्द उठा था. वो दौड़ते हुए सीधे मां के पास गई. बोली मां मैंने दवाई खा ली है. ये सुनते ही परिजन तुरंत उसे अस्पताल लेकर गए. मगर इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया. क्योंकि जहर पूरे शरीर में फैल चुका था.
नाना ने बताई 18 साल उम्र, फिर खुली पोल
मामले में सबसे चौंकाने वाली बात ये रही कि जब पुलिस जांच के लिए पहुंची तो मृतका के नाना ने उसकी उम्र 18 साल बताई. मगर पुलिस को शक हुआ तो लड़की का आधार कार्ड मांगा गया. इसमें रेखा की उम्र 13 साल निकली. पति ने भी उसकी उम्र 13 साल बताई. पति बोला रेखा के पिता की पिछले साल मौत हो गई थी. इस वजह से वो डिप्रेशन में रहती थी. हमेशा कहती थी कि मुझे पापा की याद आ रही है. बहरहाल, इस मामले में परिवार ने पुलिस से कोई शिकायत नहीं की है. मगर फिर भी उम्र को देखते हुए पुलिस केस की जांच कर रही है.