हर्ष फायरिंग मामले में BJP विधायक राजू कुमार को SC से फटकार , लेकिन दोषसिद्धि पर लगाई रोक
सुप्रीम कोर्ट ने फायरिंग मामले में टिप्पणी करते हुए बीजेपी विधायक को गैरजिम्मेदार बताया. कोर्ट ने आरोपी बिहार के साहेबगंज से बीजेपी विधायक राजू कुमार सिंह की दोषसिद्धि पर रोक लगाई. हालांकि, सुप्रीम कोर्ट ने कड़ी नाराजगी जताई और कहा कि आप विधायक हैं और इतने गैरजिम्मेदार हैं. दरअसल, 2018 में एक महिला को हर्ष फ़ायरिंग के दौरान डांस करते हुए गोली लगी सर में और उसकी मौत हो गई थी. ट्रायल कोर्ट ने आरोपी को दोषी करार दिया था और हत्या तथा आर्म्स एक्ट के तहत सजा सुनाई थी. हाईकोर्ट ने सजा पर रोक लगा दी थी.
आरोपी ने दोषसिद्धी पर रोक लगाने की मांग की थी. इसे अस्वीकार किया गया. सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि इस मामले में साक्ष्य स्थितियों को स्पष्ट करते हैं. हालांकि, हम विधायक की अपील को स्वीकार करते हैं. क्योंकि उसे धारा 304 के तहत दोषी करार दिया गया है.
दिल्ली हाई कोर्ट ने क्या सुनाया था फैसला?दिल्ली हाई कोर्ट ने जस्टिस मनोज जैन ने गैरइरादतन हत्या और आर्म्स एक्ट के तहत राजू सिंह को दोषी ठहराए जाने के फैसले पर रोक लगाने से इनकार कर दिया था. 29 सितंबर के अपने आदेश में कोर्ट ने कहा था कि यह अपराध बेहद गंभीर है और सामाजिक व नैतिक नियमों के खिलाफ है.
कोर्ट ने कहा, “यह तय करने का कोई पक्का नियम या फॉर्मूला नहीं है कि किस जुर्म को ‘चरित्रहीनता या गंभीर अनैतिक काम’ माना जाए. यह पूरी तरह उस मामले के हालातों और सबूतों पर निर्भर करता है. लेकिन मोटे तौर पर इसका मतलब ऐसे काम से है जो अपने आप में बेहद गिरा हुआ और गलत हो, अच्छे संस्कारों के खिलाफ हो और जिसे देखकर पूरे समाज को गहरा धक्का लगे. अदालत ने कहा कि इस मामले में किया गया काम और व्यवहार साफ तौर पर इसी तरह के गंभीर अपराध की तरफ इशारा करता है.”