ड्रोन से आया था RDX! पाकिस्तान से जुड़ रहे श्रीगंगानगर रेलवे ट्रैक ब्लास्ट के तार… चाचा और शाह की तलाश
राजस्थान के सीमावर्ती श्रीगंगानगर जिले में रेलवे ट्रैक को बम से उड़ाने की साजिश के तार अब सीमा पार बैठे संदिग्ध नेटवर्क से जुड़ते नजर आ रहे हैं. रामसिंहपुर रेलवे ट्रैक ब्लास्ट मामले में पाकिस्तानी हैंडलरों के नाम सामने आने के बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर हैं. जांच में चाचा और शाह नाम के संदिग्ध हैंडलरों की भूमिका खंगाली जा रही है.
वहीं, पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए RDX और अन्य विस्फोटक सामग्री भेजे जाने की आशंका ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है.
दरअसल, इस पूरे मामले की एक अहम कड़ी 12 और 13 अक्टूबर की मध्यरात्रि को रावला क्षेत्र में हुई बड़ी बरामदगी से जुड़ी है. इलाके में पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए 7.750 किलोग्राम RDX बरामद किया था. मौके से दो ग्लॉक पिस्टल, चार मैगजीन और 768 कारतूस भी जब्त किए गए थे.
इस मामले में पंजाब के जालंधर निवासी सुखविंदर सिंह उर्फ सुखा और फिरोजपुर निवासी लखविंदर सिंह को गिरफ्तार किया गया था. पूछताछ के दौरान चाचा नाम के पाकिस्तानी तस्कर का नाम सामने आने की जानकारी मिली. इसके बाद जांच एजेंसियों ने सीमा पार से संचालित संभावित नेटवर्क और स्थानीय संपर्कों की पड़ताल शुरू कर दी.
RDX बरामदगी के कुछ दिन बाद 3 नवंबर की रात श्रीगंगानगर जिले के 50 जीबी क्षेत्र में रेलवे ट्रैक पर IED टाइमर बम से विस्फोट हुआ. इस घटना ने सीमावर्ती क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए. रेलवे ट्रैक को नुकसान पहुंचाने की साजिश के मामले में पुलिस ने गुरदासपुर निवासी महकदीप कौर और उसके प्रेमी देवेंद्र सिंह को गिरफ्तार किया.
आरोपियों से पूछताछ में पाकिस्तानी हैंडलर शाह और चाचा के नाम सामने आने की जानकारी मिली. इसके बाद जांच एजेंसियों ने दोनों मामलों के बीच संभावित कनेक्शन तलाशना शुरू कर दिया.
दोनों मामलों में चाचा का नामजांच का सबसे महत्वपूर्ण पहलू यह है कि अक्टूबर में RDX और हथियारों की बरामदगी तथा नवंबर में रेलवे ट्रैक ब्लास्ट की जांच के दौरान चाचा नाम सामने आया है. इससे दोनों घटनाओं के पीछे एक ही नेटवर्क के सक्रिय होने की आशंका को लेकर जांच तेज हुई है.
एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि क्या रेलवे ट्रैक को निशाना बनाने के लिए विस्फोटक सामग्री भी उसी नेटवर्क के जरिए उपलब्ध करवाई गई थी. आरोपियों के मोबाइल फोन, संपर्कों, बातचीत और संदिग्ध गतिविधियों की भी पड़ताल की जा रही है.
15 नवंबर को दोनों मामलों के कनेक्शन से किया गया था इनकारइस मामले में 15 नवंबर का घटनाक्रम भी महत्वपूर्ण है. उस समय जांच एजेंसियों की ओर से RDX बरामदगी और रेलवे ट्रैक ब्लास्ट के बीच संबंध होने की बात से इनकार किया गया था.
हालांकि, इसके बाद पूछताछ में सामने आए नए कथित इनपुट के चलते जांच का दायरा फिर बढ़ता नजर आ रहा है. अब एजेंसियां दोनों मामलों के संभावित आपसी संबंधों और सीमा पार नेटवर्क की भूमिका की अलगअलग एंगल से जांच कर रही हैं.
ड्रोन से विस्फोटक भेजने की आशंका ने बढ़ाई चिंताजांच में एक और संवेदनशील पहलू पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए RDX या अन्य विस्फोटक सामग्री भारतीय सीमा में पहुंचाए जाने की आशंका है. सीमावर्ती इलाकों में ड्रोन गतिविधियों और संदिग्ध सप्लाई नेटवर्क की जानकारी भी जुटाई जा रही है. हालांकि, रेलवे ट्रैक ब्लास्ट में इस्तेमाल विस्फोटक ड्रोन के जरिए ही पहुंचाया गया था, इसकी अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.
श्रीगंगानगर जिला अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटा होने के कारण इस मामले को सुरक्षा एजेंसियां बेहद गंभीरता से ले रही हैं. अब जांच के केंद्र में तीन बड़े सवाल हैं—क्या चाचा और शाह एक ही नेटवर्क के हिस्से हैं? क्या अक्टूबर में बरामद RDX और नवंबर में रेलवे ट्रैक पर हुए विस्फोट के तार आपस में जुड़े हैं? और इस पूरी साजिश का असली मास्टरमाइंड सीमा पार बैठा है या उसका नेटवर्क भारतीय क्षेत्र में भी सक्रिय है?