पंजाब: कांग्रेस नेता सुंदर शाम अरोड़ा के ठिकाने पर ED की छापेमारी, CRPF के जवान भी तैनात
पंजाब के होशियारपुर में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पंजाब के पूर्व कैबिनेट मंत्री सुंदर शाम अरोड़ा के घर प्रवर्तन निदेशालय छापेमारी की. सोमवार की सुबह करीब 5 बजे ईडी की टीमें अरोड़ा के आवास पर पहुंचीं और जांच शुरू कर दी. इस दौरान कांग्रेस नेता अपने घर के अंदर ही मौजूद थे. अचानक हुई इस कार्रवाई से हड़कंप मच गया है.
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, तीन से चार गाड़ियों में केंद्रीय एजेंसियों के अधिकारी सुंदर शाम अरोड़ा के आवास पर पहुंचे. अधिकारियों के साथ भारी संख्या में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के जवान भी मौजूद हैं. किसी भी अवांछित स्थिति से निपटने और जांच प्रक्रिया को बिना किसी रुकावट के चलाने के लिए CRPF के जवान तैनात किए गए हैं.
फिलहाल केंद्रीय एजेंसियों की इस कार्रवाई को लेकर विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है. टीम किस मामले में पहुंची है और क्या कार्रवाई की जा रही है, इसे लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है. फिलहाल आधिकारिक बयान का इंतजार किया जा रहा है. सूत्रों का कहना है कि यह कार्रवाई मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े किसी मामले में हो सकती है. हालांकि इस पूरे मामले में एजेंसी की ओर से आधिकारिक जानकारी सामने आने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो पाएगी.
इस बीच सुंदर शाम अरोड़ा के वकील एचएस सैनी भी उनके आवास पर पहुंचे. मीडिया से बात करते हुए उन्होंने बताया कि अंदर मौजूद ईडी के दो अधिकारियों से उनकी बातचीत हुई है. अधिकारियों ने उन्हें स्पष्ट किया कि जांच जारी है और इस स्तर पर मामले से जुड़ी विस्तृत जानकारी साझा नहीं की जा सकती. उन्होंने बताया कि जांच टीम ने उनसे कुछ दस्तावेज मांगे थे, जो उनके पास उपलब्ध थे. उन्होंने वो कागजात अधिकारियों को सौंप दिए. उन्होंने कहा कि मुझे जांच पूरी होने तक इंतजार करने के लिए कहा और बताया कि जांच पूरी होने के बाद वे मुझे मामले से जुड़ी जानकारी देखने देंगे, साथ ही मुझे उचित कानूनी सलाह लेने का मौका भी देंगे.
कांग्रेस नेता सुंदर शाम अरोड़ा के ठिकानों पर पहले भी जांच एजेंसियों की कार्रवाई हो चुकी है. पूर्व में उनके खिलाफ आयकर विभाग और विजिलेंस की जांच हो चुकी है. मंत्री पद पर रहते हुए उन पर कई मामलों में भ्रष्टाचार और घोटाले के गंभीर आरोप लगे थे. अरोड़ा पर कई औद्योगिक प्लॉटों के आवंटन और अन्य सरकारी योजनाओं में भ्रष्टाचार व वित्तीय गड़बड़ियों के गंभीर आरोप लगे थे. वहीं एक मामले में पंजाब विजिलेंस ब्यूरो ने सुंदर शाम अरोड़ा को विजिलेंस अधिकारी को 50 लाख रुपये की रिश्वत देने के आरोप में गिरफ्तार किया था. यह मामला अभी भी अदालत में विचाराधीन है. इसके अलावा भी उन पर कई अन्य आरोपों की जांच चल रही है.