भारतीय रेलवे का बड़ा बदलाव: 1 मार्च से बंद हो रहा है UTS ऐप, अब RailOne App से ऐसे बुक करें टिकट

भारतीय रेलवे का लोकप्रिय यूटीएस (UTS) ऐप 1 मार्च से बंद होने जा रहा है। इसका मतलब है कि इस महीने के अंत के बाद यात्री यूटीएस के जरिए ट्रेन टिकट बुक नहीं कर पाएंगे। रेलवे ने इसके विकल्प के तौर पर 'रेलवन' (RailOne) नाम का एक ऑल-इन-वन ऐप पेश किया है। इस ऐप की मदद से यात्री न केवल टिकट बुक कर सकते हैं, बल्कि खाने का ऑर्डर देने, ट्रेन की लाइव लोकेशन ट्रैक करने और ट्रेन की देरी देखने जैसे काम भी एक ही प्लेटफॉर्म पर कर पाएंगे। इसके अलावा मंथली सीजन टिकट (MST) बनवाना भी अब बहुत आसान हो गया है।
Hero Image


रेलवन ऐप से मंथली टिकट कैसे बुक करें?

रेलवे ने स्पष्ट किया है कि मार्च से केवल रेलवन ऐप ही काम करेगा। यदि आप नए ऐप से अपना मंथली टिकट (सीजन टिकट) बुक करना चाहते हैं, तो इन स्टेप्स का पालन करें:
  1. सबसे पहले अपने स्मार्टफोन में रेलवन (RailOne) ऐप इंस्टॉल करें।
  2. ऐप इंस्टॉल होने के बाद लॉगिन प्रक्रिया पूरी करें। अच्छी बात यह है कि आप अपने आईआरसीटीसी (IRCTC) ऐप के लॉगिन आईडी और पासवर्ड का उपयोग करके भी इस ऐप में लॉगिन कर सकते हैं।
  3. होमपेज पर दिए गए 'अनरिज़र्व्ड' (Unreserved) विकल्प पर क्लिक करें।
  4. इसके बाद 'सेशन' (Session) विकल्प को चुनें।
  5. अब अपना सोर्स स्टेशन (जहाँ से यात्रा शुरू करनी है) और डेस्टिनेशन स्टेशन (जहाँ तक जाना है) चुनें।
  6. 'प्रोसीड टू बुक' विकल्प पर क्लिक करें और अपनी पसंद का पेमेंट मोड चुनकर ऑनलाइन भुगतान करें। आपका मंथली टिकट बुक हो जाएगा।

यूटीएस वॉलेट का पैसा नहीं होगा बेकार

कई यात्रियों के मन में यह सवाल है कि उनके यूटीएस वॉलेट में मौजूद पैसों का क्या होगा। रेलवे ने साफ किया है कि घबराने की जरूरत नहीं है। जिन यात्रियों के यूटीएस वॉलेट में बैलेंस बचा है, वे रेलवन ऐप में उसी लॉगिन आईडी से साइन-इन करके अपना पैसा नए ऐप में ट्रांसफर कर सकते हैं।