कहीं भारी बारिश, कहीं उमस का कहर! यूपी-दिल्ली समेत उत्तर भारत में मौसम का डबल अटैक, जानें 7 दिनों का अपडेट
IMD WEATHER ALERT: देश के कई हिस्सों में मानसून एक्टिव हो गया है और अगले कुछ दिनों तक उत्तर भारत के अधिकांश राज्यों में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है. हालांकि कई इलाकों में बारिश के बावजूद लोगों को उमस भरी गर्मी से पूरी राहत नहीं मिलेगी. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और राजस्थान में अलग-अलग दिनों में हल्की से भारी बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं की गतिविधियां देखने को मिलेंगी.
बारिश के साथ बनी रहेगी उमसदिल्ली-एनसीआर में 6 और 7 जुलाई को कई स्थानों पर हल्की बारिश, कुछ इलाकों में मध्यम बारिश, गरज-चमक और 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली हवाओं के 50 किमी प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना है. इसके बावजूद अधिकतम तापमान 35 से 38 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने से उमस बनी रह सकती है. 8 और 9 जुलाई को भी बादल छाए रहेंगे तथा हल्की बारिश की संभावना है, जिससे तापमान में कुछ गिरावट आएगी.
उत्तर प्रदेश में कई दिनों तक बारिश का अलर्टपूर्वी उत्तर प्रदेश में 6 से 12 जुलाई के बीच अलग-अलग स्थानों पर बारिश का सिलसिला जारी रहने का अनुमान है. 6, 9 और 12 जुलाई को भारी बारिश की संभावना है, जबकि 10 और 11 जुलाई को कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश हो सकती है. पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी 7 से 12 जुलाई के बीच भारी बारिश का अनुमान है. दोनों हिस्सों में 6 और 7 जुलाई को गरज-चमक और तेज हवाएं चल सकती हैं.
हरियाणा, पंजाब और चंडीगढ़ में भी बारिशहरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में 7 से 9 जुलाई के बीच व्यापक बारिश की संभावना है. 6 से 9 जुलाई और फिर 11 से 12 जुलाई के दौरान कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है. पंजाब में भी 7 से 9 जुलाई तक अच्छी बारिश का दौर रहेगा और कई इलाकों में भारी वर्षा दर्ज होने की संभावना है.
राजस्थान में दो हिस्सों में अलग-अलग असरपूर्वी राजस्थान में 6 से 9 जुलाई तक अच्छी बारिश का अनुमान है. 6 से 9 जुलाई के बीच कहीं-कहीं बहुत भारी बारिश भी हो सकती है, जबकि 10 जुलाई को भारी बारिश का अलर्ट है. पश्चिमी राजस्थान में 7 और 8 जुलाई को भारी बारिश की संभावना जताई गई है. इसके साथ ही 6 से 10 जुलाई तक कई स्थानों पर गरज-चमक और तेज हवाएं भी चल सकती हैं.
पहाड़ी राज्यों में भारी बारिश का खतराहिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर में 6 से 12 जुलाई तक व्यापक बारिश की संभावना है. हिमाचल प्रदेश में 6 और 7 जुलाई को कहीं-कहीं बहुत भारी बारिश हो सकती है, जबकि 8 से 12 जुलाई तक भारी बारिश का दौर जारी रह सकता है. उत्तराखंड में 6 जुलाई को बहुत भारी बारिश और 7 से 12 जुलाई तक भारी बारिश की संभावना है. जम्मू-कश्मीर में 6 से 8 जुलाई और 11 जुलाई को भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है.
कई राज्यों में तेज हवाओं और बिजली गिरने का भी खतरामौसम विभाग ने उत्तर भारत के कई राज्यों में गरज-चमक, बिजली गिरने और 40 से 60 किमी प्रति घंटे तक की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी है. लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों में जाने से बचने और मौसम विभाग की सलाह का पालन करने की सलाह दी गई है.
इसे भी पढ़ें- अब App Store और iCloud पर फिर से चलेगा क्रेडिट-डेबिट कार्ड, 5 साल बाद Apple ने शुरू की सुविधा; खरीदारी होगी आसान