पुतिन-जिनपिंग-ट्रंप की बैठक पर कंवल सिब्बल ने दिखाया आईना, तिलमिला गया चीनी पत्रकार, कर रहा था मुंहजोरी

Newspoint
नई दिल्ली: चीन, रूस और अमेरिका के बीच शेनझेन में होने वाली प्रस्तावित शिखर बैठक को लेकर पूर्व विदेश सचिव कंवल सिब्बल ने महज एक दिखावा बताया और इसकी उपयोगिता पर सवाल उठाए। सिब्बल की टिप्पणी को लेकर एक चीनी पत्रकार ने उनके चीन से जुड़े अनुभव को लेकर सवाल उठाए, जिसके बाद दोनों के बीच सोशल मीडिया पर तीखी बहस शुरू हो गई।

दरअसल, चीन के विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता माओ निंग ने सोमवार को कहा कि शेनझेन में होने वाली चीन, रूस और अमेरिका के राष्ट्राध्यक्षों की बैठक ऐतिहासिक होगी। तीनों देशों के नेता विश्व शांति और प्रमुख देशों के बीच रणनीतिक स्थिरता जैसे मुद्दों पर विस्तार से चर्चा करेंगे। उन्होंने कहा कि मतभेदों को संभालने और आपसी संवाद बढ़ाने से तीनों देशों के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय समुदाय को भी फायदा होगा।

सिब्बल ने बैठक को बताया दिखावाचीन के इस बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कंवल सिब्बल ने एक्स पर लिखा, 'बड़ी-बड़ी बातें। यह बैठक सिर्फ दिखावा है। इसका एजेंडा न केवल सीमित है, बल्कि ऐसे मुद्दों पर आधारित है जिन पर तीनों देशों के बीच बहुत कम सहमति है।'

उन्होंने कहा कि इस बैठक में यूक्रेन को शामिल नहीं किया गया है और चीन परमाणु हथियार नियंत्रण वार्ता में शामिल होने से इनकार करता रहा है। ईरान के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि ट्रंप अपनी बयानबाजी और नीतियों में बदलाव करें तो उनकी मदद की जा सकती है। वहीं, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस को लेकर ट्रंप का नजरिया चीन और रूस से अलग है। सिब्बल ने यह भी कहा कि मध्यावधि चुनाव में झटके के बाद ट्रंप घरेलू राजनीतिक चुनौतियों में व्यस्त रहेंगे।

चीनी पत्रकार ने चीन पर टिप्पणी को लेकर घेरासिब्बल की पोस्ट पर चीन के पत्रकार चेन वेइहुआ ने जवाब दिया कि इस बैठक की सबसे बड़ी बात यही है कि अलग-अलग विचारों और बड़े मतभेदों के बावजूद देश एक साथ बैठकर बातचीत कर सकते हैं। इस पर सिब्बल ने तंज कसते हुए लिखा, 'जैसे हम चीन के साथ करते हैं।'


इसके बाद चेन वेइहुआ ने सिब्बल पर व्यक्तिगत टिप्पणी करते हुए कहा कि वह चीन से जुड़े मुद्दों पर टिप्पणी तो करते हैं, लेकिन उनके करियर से पता चलता है कि उन्हें चीन में काम करने का कोई अनुभव नहीं है। उन्होंने सिब्बल को चीन के मामले में अप्रासंगिक तक बता दिया और कहा कि वह भारत का भला चाहते हैं, उन लोगों की तरह नहीं जो चीन को कोसने में लगे रहते हैं।

सिब्बल ने गिनाया अपना राजनयिक अनुभवचीनी पत्रकार की टिप्पणी पर कंवल सिब्बल ने पलटवार करते हुए लिखा, 'ज्यादा अनुमान मत लगाइए।' उन्होंने अपने राजनयिक अनुभव का जिक्र करते हुए बताया कि विदेश सचिव रहते हुए चीन के विदेश मंत्री वांग यी उनसे दिल्ली में मिलने आए थे। वह पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के साथ चीन की यात्रा पर भी गए थे।

सिब्बल ने आगे कहा कि उनके कार्यकाल में भारत-चीन के बीच विशेष प्रतिनिधि तंत्र की स्थापना हुई थी। भारत, रूस और चीन के बीच आरआईसी (RIC) व्यवस्था स्थापित करने में भी उनकी भूमिका रही थी। उन्होंने चीन की कई यात्राएं करने की बात भी कही।


अपनी पोस्ट के अंत में सिब्बल ने लिखा, 'यह आपको सफाई देने के लिए नहीं, बल्कि आपकी अज्ञानता उजागर करने के लिए बता रहा हूं। मुझे तो यह भी संदेह है कि आप असली व्यक्ति हैं या चीनी बॉट।'