'नेहरू की विरासत आज भी जिंदा', शशि थरूर ने कुछ यूं पूर्व पीएम को दी श्रद्धांजलि

Newspoint
नई दिल्ली: देश के प्रथम प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू की पुण्यतिथि पर पीएम मोदी, राहुल गांधी समेत कई राजनेताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि दी। कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने जवाहरलाल नेहरू को याद करते हुए सोशल मीडिया पर भावुक पोस्ट की। थरूर ने नेहरू को दूरदर्शी बहुमुखी व्यक्तित्व का बताया।

बुधवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स शशि थरूर ने पोस्ट कहा, 'जवाहरलाल नेहरू के जीवन का विश्लेषण और लेखन करते हुए दशकों बिताने के बाद, जिस यात्रा के फलस्वरूप मैंने 2003 में उनकी जीवनी ' नेहरू: द इन्वेंशन ऑफ इंडिया ' लिखी, मैं उनकी विरासत की चिरस्थायी प्रासंगिकता से अत्यंत प्रभावित हूं। कांग्रेस सांसद ने नेहरू को 'दूरदर्शी बहुमुखी व्यक्तित्व' बताते हुए कहा कि लोकतंत्र, सामाजिक न्याय और धर्मनिरपेक्षता के लिए उनका योगदान आज भी भारत की नींव को मजबूत करता है। कांग्रेस सांसद ने कहा, दूरदर्शी बहुमुखी प्रतिभा के धनी व्यक्ति जवाहरलाल नेहरू को उनकी पुण्यतिथि पर हम श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं।'
Hero Image



पीएम मोदी ने दी श्रद्धांजलि
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, 'पूर्व प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू को उनकी पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि।' ओडिशा के राज्यपाल ने भी एक्स पर संदेश साझा कर भारत के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू को उनकी पुण्यतिथि पर स्मरण किया।

मल्लिकार्जुन खरगे ने क्या कहा?
  • सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर मल्लिकार्जुन खरगे ने पंडित जवाहरलाल नेहरु का बयान साझा किया। उन्होंने लिखा, 'देश की रक्षा, देश की उन्नति, देश की एकता -ये हम सबका राष्ट्रीय धर्म है। हम अलग-अलग धर्मों पर चलें, अलग-अलग प्रदेशों में रहें, अलग भाषाएं बोलें, पर उससे कोई दीवार हमारे बीच खड़ी नहीं होनी चाहिए। सभी लोगों को उन्नति में बराबरी का अवसर मिलना चाहिए। हम नहीं चाहते कि हमारे देश में कुछ लोग बहुत बड़े अमीर हों और अधिकतर लोग गरीब हों।'

  • खरगे ने आगे लिखा कि आधुनिक भारत की मजबूत नींव रखने वाले, लोकतांत्रिक मूल्यों के अडिग प्रहरी, वैज्ञानिक सोच, औद्योगिक विकास और आर्थिक आत्मनिर्भरता के मार्गदर्शक, 'विविधता में एकता' के विचार को जन-जन तक पहुंचाने वाले, भारत रत्न पंडित जवाहरलाल नेहरु की पुण्यतिथि पर कोटि-कोटि नमन। उनकी दूरदर्शी सोच, संस्थाओं के निर्माण के प्रति प्रतिबद्धता और प्रगतिशील नेतृत्व ने भारत को विश्व मंच पर नई पहचान दिलाई। पंडित नेहरु जी के अमूल्य योगदान के बिना 21वीं सदी के भारत की कल्पना अधूरी है।




राहुल गांधी ने एक्स पर पोस्ट कर कहा, 'देश के प्रथम प्रधानमंत्री, पंडित जवाहरलाल नेहरू जी की पुण्यतिथि पर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि। आधुनिक भारत की मज़बूत नींव रखते हुए उन्होंने एक समावेशी, सौहार्दपूर्ण और प्रगतिशील भारत के निर्माण के लिए अपना संपूर्ण जीवन समर्पित किया।'

उन्होंने कहा, 'स्वतंत्रता, लोकतांत्रिक सिद्धांतों, संवैधानिक अधिकारों, सामाजिक न्याय और वैज्ञानिक दृष्टिकोण पर आधारित उनका दूरदर्शी नेतृत्व सदैव हमारा मार्गदर्शन करता रहेगा।'


कांग्रेस नेता राजीव शुक्ला ने भी पंडित नेहरू को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि लोकतांत्रिक मूल्यों, संस्थाओं के निर्माण और राष्ट्रीय प्रगति के प्रति उनकी प्रतिबद्धता आज भी देश को प्रेरित करती है।