ECI विवादः राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू इंडिया गठबंधन के नेताओं से मुलाकात करने पर सहमत; आज रात 8 बजे मिलने का समय दिया

Newspoint
नई दिल्लीः राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू शुक्रवार रात आठ बजे ‘इंडिया’ गठबंधन के नेताओं से मुलाकात करने पर सहमत हो गई हैं। सूत्रों ने बताया कि राष्ट्रपति ने विपक्ष के नेताओं को आज देर शाम मुलाकात के लिए बुलाया है। विपक्ष ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के मसले पर मुलाकात के लिए राष्ट्रपति से मिलने का समय मांगा था।


इंडिया गठबंधन ने मुलाकात के लिए मांगा था समयकांग्रेस के संगठन महासचिव के. सी. वेणुगोपाल ने गुरुवार को बताया था कि ‘इंडिया’ गठबंधन ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात का समय मांगा है और वह राष्ट्रपति भवन से जवाब की प्रतीक्षा कर रहा है। वेणुगोपाल के मुताबिक, मुलाकात के लिए पहला अनुरोध पत्र दो अक्टूबर को भेजा गया था। इसके बाद राष्ट्रपति भवन ने बैठक में शामिल होने वाले नेताओं के नाम मांगे थे। इसके अनुरूप गठबंधन ने पांच अक्टूबर को दोबारा अनुरोध भेजकर नेताओं के नाम दिए और सात, आठ या नौ अक्टूबर को मुलाकात के लिए समय मांगा था। उन्होंने कहा था कि शुक्रवार तक जवाब का इंतजार किया जाएगा।
Hero Image


SIR के मुद्दे पर तीन दिन से प्रदर्शन कर रहा विपक्षपिछले सप्ताह ‘इंडिया’ गठबंधन ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के मुद्दे पर संयुक्त कार्ययोजना को अंतिम रूप दिया था। इसके तहत विभिन्न स्थानों पर रैलियां आयोजित करने और ‘लोकतंत्र बचाओ’ मार्च निकालने का फैसला किया गया था। विपक्षी दल पिछले तीन दिन से हर दिन अलग-अलग तरीके से विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं।


लोकतंत्र की रक्षा के लिए ‘करो या मरो’ की लड़ाईः वेणुगोपालकांग्रेस नेता ने भाजपा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर भारतीय लोकतंत्र में ‘अराजकता पैदा करने’ का आरोप लगाया है। वेणुगोपाल ने कहा, ‘वे भारतीय लोकतंत्र को नष्ट करने वाले हैं और हम लोकतंत्र की रक्षा के लिए यहां हैं।’ उन्होंने कहा कि देश के मतदाताओं के अधिकारों और लोकतंत्र की रक्षा के लिए यह ‘करो या मरो’ की लड़ाई है।