'ट्रंप के सामने उठाएं भारतीय नाविकों की मौत का मुद्दा', प्रियंका गांधी ने की ये मांग

Newspoint
नई दिल्ली: कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ तीन भारतीय नाविकों की मौत का मामला उठाना चाहिए। प्रियंका गांधी ने कहा कि यह हैरानी की बात है कि जो हो रहा है, उस पर सरकार ने खुलकर कोई बात नहीं की है। इससे पूर्व कांग्रेस के दूसरे नेताओं ने भी इस मामले को उठाते हुए कहा कि जहाज पर हमला करते वक्त अमेरिका को पता था कि उसमें भारतीय नाविक सवार हैं, इसके बावजूद उसने हमला किया। पीएम मोदी जी7 समिट के लिए फ्रांस रवाना हो गए हैं और यहां उनकी मुलाकात ट्रंप से होनी है।
Hero Image

मंगलवार मीडिया से बात करते हुए प्रियंका गांधी ने कहा कि मुझे लगता है कि पीएम मोदी को निश्चित रूप से यह मुद्दा (अमेरिकी हमले में मारे गए तीन भारतीय नाविकों का मामला) उठाना चाहिए। इससे पूर्व कांग्रेस के दूसरे नेताओं ने कहा कि एमटी सेटेबेलो जहाज पर अमेरिकी हमले में तीन भारतीय नाविकों की मौत पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को चुप्पी तोड़नी चाहिए और इस विषय को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के समक्ष उठाना चाहिए।

कांग्रेस सोशल मीडिया विभाग की प्रमुख सुप्रिया श्रीनेत ने कहा कि अमेरिका ने एमटी सेटेबेलो जहाज पर हमला कर तीन भारतीय नाविकों की क्रूर हत्या कर दी। जहाज पर हमला करते वक्त अमेरिका को पता था कि उसमें भारतीय नाविक सवार हैं, इसके बावजूद उसने हमला किया। हमारा इस युद्ध से कोई लेना-देना नहीं है, लेकिन हमारे लोगों की हत्या करने का साहस अमेरिका ने किया। इन हत्याओं से पूरा देश गमगीन है। उन्होंने कहा कि सरकार की चुप्पी विफल विदेश नीति का उदाहरण है।

सुप्रिया श्रीनेत ने कहा कि नरेन्द्र मोदी की सरकार ऐसा कुछ भी नहीं कर पाई और अमेरिका ने माफी या शोक व्यक्त करने के बदले हमें ही धमका दिया और हत्याओं को जायज ठहराया।अमेरिका ने बीते 10 जून को पलाऊ के ही ध्वज वाले जहाज सेटेबेलो पर हमला किया था, जिसपर सवार 24 भारतीय नाविकों में से तीन की मौत हो गई थी। (एजेंसी इनपुट के साथ)