'शगुन के 111 रुपये', पेट्रोल-डीजल की बढ़ी कीमतों पर भड़कीं प्रियंका चतुर्वेदी; कंपनियों के मुनाफे पर उठाए सवाल

Newspoint
नई दिल्ली: पेट्रोल-डीजल के दामों में पिछले 10 दिनों में चौथी बार बढ़ोतरी हुई है। बढ़ती महंगाई पर विपक्ष केंद्र सरकार पर जमकर हमलावर है। मुंबई में पेट्रोल की नई कीमत 111 रुपये पहुंचने पर शिवसेना (यूबीटी) नेता व पूर्व राज्यसभा सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने अपने अंदाज में सरकार पर तंज कसा। साथ ही वैश्विक संकट के समय में देश की तेल कंपनियों को हो रही ताबड़तोड़ कमाई पर भी सवाल उठाया।
Hero Image

पूर्व राज्यसभा सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने सोमवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर केंद्र सरकार पर तंज कसा। उन्होंने कहा, 'मुंबई में पेट्रोल की कीमत शगुन के 11 नंबर पर पहुंच गई है। उन्होंने दावा किया कि अगले 24 घंटों में महानगरों में डीजल की कीमत 100 रुपये तक पहुंच सकती है।'

'जनता त्रस्त, तेल कंपनियां मस्त'
एक पोस्ट में उन्होंने तेल कंपनियों की हो रही ताबड़तोड़ कमाई पर सवाल उठाया। प्रियंका चतुर्वेदी ने कहा, 'जनता का खून पीने के बाद, रिकॉर्ड तोड़ महंगाई के बाद, देश की तेल कंपनी रिकॉर्ड तिमाही प्रॉफिट डिक्लेयर कर रहीं हैं।' सरकार पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा, 'जनता त्रस्त, तेल कंपनियां मस्त।'



वैश्विक संकट के बीच देश में पेट्रोल-डीजल की कीमतों में सोमवार को एक बार फिर बढ़ोतरी दर्ज की गई है। पेट्रोल की कीमतों में 2.61 रुपए प्रति लीटर और डीजल में 2.71 रुपए प्रति लीटर की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।

10 दिनों में चौथी बार दाम में बढ़ोतरी
  • पिछले 10 दिनों में यह चौथी बार है जब पेट्रोल-डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी दर्ज की गई। कीमतों में बढ़ोतरी से आम लोगों, यात्रियों और परिवहन क्षेत्र पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ बढ़ गया है। कीमतों में बढ़ोतरी से पहले दिल्ली में पेट्रोल 99.51 रुपए प्रति लीटर और डीजल 92.49 रुपए प्रति लीटर बिक रहा था। लेकिन अब, राजधानी में पेट्रोल 102.12 रुपए प्रति लीटर और डीजल 95.20 रुपए प्रति लीटर पहुंच गया है।

  • लगातार बढ़ रही ईंधन कीमतों का असर सीधे तौर पर आम आदमी की जेब पर पड़ने लगा है। कीमतों में बढ़ोतरी से टैक्सी, ऑटो और माल ढुलाई सेवाओं के किराए में भी इजाफे की आशंका जताई जा रही है। साथ ही, महंगाई पर भी इसका व्यापक असर पड़ सकता है।
Newspoint

इससे पहले, 23 मई को कीमतों में बढ़ोतरी करते हुए सरकारी तेल कंपनियों ने पेट्रोल की कीमतें 87 पैसे प्रति लीटर और डीजल की कीमतें 91 पैसे प्रति लीटर बढ़ाई थी। वैश्विक कच्चे तेल की कीमतों में हो रही बढ़ोतरी के बीच पिछले 10 दिन में ईंधन की दरों में यह चौथी बढ़ोतरी है। 15 मई को ही सरकारी तेल कंपनियों ने पश्चिम एशिया में चल रहे संघर्ष के कारण बढ़ी हुई ऊर्जा कीमतों का बोझ धीरे-धीरे ग्राहकों पर डालना शुरू किया था।