अमेरिका के हिंंदू मंदिर में मास शूटिंग को लेकर भारत का बड़ा बयान, 'नफरती हिंसा' पर कर दी बड़ी मांग

Newspoint
नई दिल्ली: अमेरिका में एक मंदिर में सामूहिक गोलीबारी की कोशिश किए जाने पर विदेश मंत्रालय ने रिएक्ट किया है। MEA के आधिकारिक प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि हम इलिनोइस के ऑरोरा इलाके में एक हिंदू मंदिर को निशाना बनाकर सामूहिक गोलीबारी करने की कथित साजिश की खबरों को लेकर बेहद चिंतित हैं। इस कथित साजिश का हिंदू-विरोधी और नस्लवादी स्वरूप, जिसमें भारतीय मूल के लोगों के खिलाफ हिंसा की बात भी शामिल है, विशेष रूप से चिंताजनक है।
Hero Image

नफरती हिंसा के प्रति 'जीरो टॉलरेंस' की मांगMEA प्रवक्ता ने कहा कि हमने अमेरिकी कानून प्रवर्तन एजेंसियों की ओर से की गई कार्रवाई पर ध्यान दिया है, जिसमें संदिग्ध की गिरफ्तारी और हिरासत और उस पर लगाए गए आरोप शामिल हैं। यह घटना अमेरिका में नस्लवादी शत्रुता और भारत-विरोधी नफरत को लेकर बढ़ती चिंताओं को और बढ़ाती है। भारतीय समुदाय की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए अधिक सतर्कता बरतने, नफरत से प्रेरित हिंसा के प्रति 'जीरो टॉलरेंस' (सख्त असहिष्णुता) अपनाने और निर्णायक कार्रवाई करने की आवश्यकता है।


अमेरिका के मंदिर में फायरिंग की कोशिश नाकामविदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा कि हम उम्मीद करते हैं कि अमेरिकी अधिकारी इस मामले की गहन जांच करेंगे, दोषियों को न्याय के कटघरे में लाएंगे और ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाएंगे। अमेर‍िका में एक हिंदू मंदिर में फायर‍िंग की साज‍िश को अंजाम देने से पहले ही आरोपी को ग‍िरफ्तार कर ल‍िया गया था। अधिकारियों ने बताया क‍ि फायर‍िंग से ठीक पहले ही हमलावर की राइफल जाम हो गई थी, जिससे आरोपी बड़ी वारदात में फेल हो गया।

फायरिंग की कोशिश का आरोपी भेजा गया जेल19 वर्षीय आरोपी ने खुद को 'व्हाइट सुप्रेमेसिस्ट नियो-नाजी' बताया। उसे बुधवार को स्थानीय अदालत में पेश किया गया। उस पर आतंकवादी धमकी देने और अवैध रूप से हथियार रखने के आरोप लगाए गए हैं। अधिकारियों के अनुसार, आरोपी ने अपने सहकर्मी को बताया था कि वह शनिवार को शिकागो से करीब 70 किलोमीटर दूर स्थित ऑरोरा के एक हिंदू मंदिर गया था और वहां गोलीबारी करने की कोशिश की थी। लेकिन ट्रिगर दबाने पर उसकी राइफल नहीं चली क्योंकि वह जाम हो गई।

पुलिस ने ऐसे आरोपी को पकड़ाऑरोरा में तीन हिंदू मंदिर हैं। पुलिस ने इलाके के मंदिरों को इस खतरे के बारे में जानकारी दे दी है। आरोपी एलेक्जेंड्रोस पैपोरेकिस को रविवार को शिकागो से करीब 60 किलोमीटर दूर पैलेटाइन स्थित उसके घर के बाहर से गिरफ्तार किया गया। पुलिस को यह जानकारी उसके साथ फास्ट-फूड रेस्टोरेंट में काम करने वाले एक सहकर्मी से मिली थी। उसे रोलिंग मीडोज की काउंटी अदालत में पेश किया गया, जहां न्यायाधीश ने उसे 30 अक्टूबर तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया।