कुछ नाम सिर्फ इतिहास का हिस्सा नहीं बनते, वे एक दौर की पहचान बन जाते हैं। अभिनंदन वर्धमान भी ऐसा ही एक नाम हैं। 27 फरवरी 2019 को मिग-21 बाइसन के कॉकपिट से दुश्मन के लड़ाकू विमानों का सामना करने वाले इस फाइटर पायलट ने आसमान में साहस दिखाया और फिर पाकिस्तान की हिरासत में भी अपना हौसला नहीं टूटने दिया। शांत चेहरा, घुमावदार मूंछें और बिना घबराए सवालों का सामना करने का उनका अंदाज देखते ही देखते पूरे देश में आत्मविश्वास और जांबाजी की तस्वीर बन गया।