RCB vs MI मैच की आखिरी गेंद पर क्या हुआ? राज बावा ना करते ये गलती तो जीत जाती मुंबई!
रजत पाटीदार की अगुवाई वाली रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने 5 बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस को आईपीएल 2026 के 54वें मुकाबले में आखिरी गेंद पर धूल चटाई। आरसीबी को 167 के टारगेट का पीछा करते हुए आखिरी गेंद पर दो रनों की दरकार थी।
एमआई के गेंदबाज राज बावा ने आखिरी गेंद पर ऐसी गलती कर दी जिससे मुंबई को इस मैच से हाथ धोना पड़ा। वह मुंबई की हार के गुनहगार बने। मुंबई यह मैच हारन के साथ-साथ आईपीएल 2026 प्लेऑफ की दौड़ से भी बाहर हो गई है। उनके साथ लखनऊ सुपर जाएंट्स की भी लुटिया डूबी है। अब प्लेऑफ की दौड़ में 8 टीमें है। आरसीबी जीत के साथ पॉइंट्स टेबल में पहले पायदान पर पहुंच गई है। आईए जानते हैं RCB vs MI मैच की आखिरी गेंद पर क्या हुआ?
राज बावा कैसे बने विलेन
आरसीबी को आखिरी गेंद पर जीत के लिए दो रनों की दरकार थी। पहली पांच गेंदों पर राज बावा ने काफी अच्छी गेंदबाजी करने की कोशिश की, उन्हें आखिरी गेंद पर अपना सब कुछ झोंक देना था। स्ट्राइक पर रसिक सलाम थे।
राज बावा ने आखिरी गेंद रसिक सलाम के बैट के आगे डाली। आरसीबी के बल्लेबाज की नजरें सिर्फ एक रन लेकर मैच टाई कराने पर थी। रसिक ने इस वजह से हल्के हाथों से सामने की तरफ शॉट खेलकर एक रन दौड़ना चाहा। गेंद सीधा गेंदबाज राज बावा के हाथों की तरफ गई, मगर फॉलोथ्रू में वह गेंद को पकड़ नहीं पाए।
गेंद राज बावा के हाथों में लगकर लॉन्ग ऑन की दिशा में गई और आरसीबी के बल्लेबाजों को दो रन दौड़ने का मौका मिला। जब तक थ्रो विकेट कीपर के दस्तानों तक पहुंचता रसिक सलाम वापस लौट चुके थे।
अगर राज बावा फोलोथ्रू में गेंद को पकड़ लेते तो आरसीबी को एक रन भी नहीं मिलता और मुंबई इंडियंस इस रोमांचक मैच में 1 रन से जीत दर्ज कर सकती थी।
भुवनेश्वर कुमार ने आखिरी ओवर में पलटी बाजी
आरसीबी को आखिरी ओवर में 15 रनों की दरकार थी। रोमारियो शेपर्ड पहली तीन गेंदों पर कुछ कमाल नहीं दिखा पाए, इस दौरान उन्होंने अपना विकेट भी गंवाया। शेपर्ड के आउट होने के साथ हर कोई आरसीबी की जीत की उम्मीद खो चुका था। हालांकि भुवनेश्वर कुमार ने चौथी गेंद पर छक्का लगाकर मैच में जान फूंक दी। अगली गेंद पर उन्होंने एक रन लिया और बचा हुआ काम रसिक सलाम ने कर दिखाया। इस तरह आरसीबी ने आखिरी ओवर में जीत दर्ज की।