'7-8 लड़कियों के साथ फैजल खान ने किया गलत', खान सर पर शोषण का आरोप..

Newspoint

पटना में शिक्षक और कोचिंग संस्थान चलाने वाले निखिल कुमार ने खान ग्लोबल स्टडीज के डायरेक्टर और शिक्षक फैजल खान उर्फ खान सर को लेकर कई गंभीर आरोप लगाए हैं।

निखिल कुमार का दावा है कि कुछ लड़कियां खान सर के खिलाफ सामने आना चाहती हैं और वे उनके संपर्क में हैं। उन्होंने कहा कि करीब 7-8 लड़कियां इंसाफ चाहती हैं और वह उनकी आवाज उठाएंगे।

निखिल कुमार ने शनिवार को पटना के एक होटल में मीडिया से बातचीत के दौरान यह भी दावा किया कि उन्हें धमकियां मिल रही हैं और उनकी रेकी कराई जा रही है। उन्होंने पटना SSP से अपनी सुरक्षा की मांग की है। हालांकि, खान सर की टीम ने इन आरोपों को उनकी छवि खराब करने की कोशिश बताया है।

खान सर पर लड़कियों के शोषण का आरोप

Hero Image

निखिल कुमार ने आरोप लगाया कि कुछ लड़कियां खान सर से कथित तौर पर परेशान हैं। उनके मुताबिक, ऐसी 7-8 लड़कियां उनके संपर्क में हैं और वे इंसाफ चाहती हैं। निखिल कुमार का कहना है कि उत्तर प्रदेश की एक लड़की के सामने आने के बाद दूसरी लड़कियों ने भी अपनी बात रखने की हिम्मत दिखाई है। हालांकि, उनका दावा है कि कई लड़कियां अभी भी डर की वजह से चुप हैं। उन्होंने कहा कि वह जल्द ही इस मामले से जुड़े और तथ्य सामने रखेंगे। निखिल कुमार ने यह भी दावा किया कि उनके पास इन आरोपों से जुड़े सबूत हैं।

यूपी की लड़की ने भी लगाया था खतरे का आरोप

निखिल कुमार ने जिस मामले का जिक्र किया, उसमें करीब एक महीने पहले उत्तर प्रदेश की एक लड़की ने पटना के पीरबहोर थाने में सुरक्षा को लेकर आवेदन दिया था। उस लड़की का कहना था कि वह खान सर से जुड़े कई राज जानती है और इसी वजह से उसे अपनी जान का खतरा है।

निखिल कुमार ने उस लड़की का समर्थन किया। उनका दावा है कि इसके बाद से खान सर से जुड़े कुछ लोग उन्हें कथित तौर पर धमकियां दे रहे हैं।

'मुझे पैसे का ऑफर दिया गया'

निखिल कुमार ने यह भी दावा किया कि खान सर को लेकर सच्चाई सामने लाने की कोशिश के दौरान उन्हें पैसे का ऑफर दिया गया था। उनके मुताबिक, उन्होंने इस ऑफर को ठुकरा दिया। इसके बाद उनकी गतिविधियों पर नजर रखी जाने लगी।

निखिल कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया है कि 25 जून 2026 से शाहगंज स्थित उनकी मौजूदा निखिल कोचिंग के आसपास उनकी रेकी कराई जा रही है। उन्होंने पुलिस से पूरे मामले की जांच कराने और अपनी जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।

'मेरी कोचिंग पर कब्जा कर लिया'

निखिल कुमार ने खान सर पर कोचिंग संस्थान से जुड़े पुराने विवाद को लेकर भी आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि उन्होंने 2014 में मुसल्लहपुर हाट स्थित विश्वनाथ मार्केट में निखिल कोचिंग सेंटर शुरू किया था। इसी दौरान फैजल खान को वहां पढ़ाने की जिम्मेदारी दी गई थी।

निखिल कुमार का आरोप है कि 2019 में साजिश और विश्वासघात के जरिए खान सर ने कोचिंग की संपत्ति पर कब्जा कर लिया। उन्होंने कहा कि इस मामले से जुड़े पुराने दस्तावेज उनके पास मौजूद हैं।

खान सर की टीम ने आरोपों को बताया गलत

इन आरोपों पर खान सर की टीम ने अलग पक्ष रखा है। टीम के मुताबिक, लगाए जा रहे आरोप उनकी छवि खराब करने की कोशिश हैं। खान सर की टीम का कहना है कि खान सर कोई ऐसे व्यक्ति नहीं हैं, जिनसे हर किसी को खतरा हो। टीम ने सवाल उठाया कि अगर वह लोगों को धमकाते हैं तो इतने लोग उनके साथ काम करके कैसे आगे बढ़े। टीम ने यह भी कहा कि रौशन आनंद और खान सर के बीच विवाद सामने आने के बाद से ही खान सर की छवि खराब करने की कोशिश की जा रही है।

कोचिंग हड़पने के आरोप पर टीम का जवाब

कोचिंग पर कब्जे के आरोप को लेकर खान सर की टीम ने कहा कि उनकी कोचिंग से अब तक करीब 50 शिक्षक पढ़ाकर जा चुके हैं। टीम के मुताबिक, इनमें से कई शिक्षकों ने बाद में अपनी अलग कोचिंग शुरू कर ली। टीम ने कहा कि हर व्यक्ति अपने करियर में आगे बढ़ना चाहता है और किसी शिक्षक के वहां से जाने को कोचिंग पर कब्जा करने से जोड़ना सही नहीं है।

सुरक्षा को लेकर पुलिस से लगाई गुहार

निखिल कुमार का कहना है कि धमकियों और कथित रेकी को देखते हुए उन्हें अपनी सुरक्षा की चिंता है। इसी वजह से उन्होंने पटना SSP से सुरक्षा की मांग की है।

फिलहाल दोनों पक्षों की ओर से अलग-अलग दावे सामने आए हैं। निखिल कुमार के लगाए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है और खान सर की टीम ने इन्हें खारिज करते हुए इसे छवि खराब करने की कोशिश बताया है। मामले में पुलिस जांच के बाद ही आरोपों की सच्चाई और कथित धमकियों को लेकर स्थिति साफ हो सकेगी।