Karthigai Deepam Controversy : दीपथून पर कार्तिगई दीपम न जला पाने पर मदुरै जिला कलेक्टर ने सुप्रीम कोर्ट में दाखिल की स्टेटस रिपोर्ट, माफी मांगी
नई दिल्ली। तमिलनाडु सरकार ने तिरुपरनकुंद्रम दीपम के संबंध में सुप्रीम कोर्ट में आज स्टेटस रिपोर्ट दाखिल की है। मदुरै के जिला कलेक्टर निशांत कृष्ण ने तिरुपरनकुंद्रम पहाड़ी पर स्थित ‘दीपथून’ में ‘कार्तिगई दीपम’ न जला पाने के लिए सुप्रीम कोर्ट से माफी मांगी है। कलेक्टर की ओर से पेश हुए वरिष्ठ अधिवक्ता गोपाल शंकरनारायणन ने कोर्ट को बताया कि दीपाथून पर दीपक नहीं जलाया जा सका। कोर्ट ने संबंधित पक्षों से उचित आवेदन दाखिल करने को कहा और कहा कि वह इस मामले की जांच करेगा।
कलेक्टर ने सुप्रीम कोर्ट को बताया कि जिला प्रशासन ने उनके आदेश का पालन करने की पूरी कोशिश की, लेकिन मंदिर के बोर्ड ऑफ ट्रस्टीज ने सर्वसम्मति से यह फैसला लिया कि वे दीपक को उसकी पारंपरिक जगह पर ही जलाएंगे। उनका तर्क था कि ऐसा करना स्थापित परंपराओं और रीति-रिवाजों का उल्लंघन होगा। इसलिए, दीपक को ‘दीपथून’ पर जलाने के बजाय उच्ची पिल्लयार मंदिर के ऊपर पारम्परिक स्थान पर जलाया गया। कलेक्टर ने कहा, देवस्थानम ने कभी भी जिला कलेक्टर को इस बात की जानकारी नहीं दी कि ‘दीपथून’ पर दीपक जलाने के लिए किन लोगों को अधिकृत किया गया है।
कलेक्टर ने बताया कि सभी प्रशासनिक इंतजाम पूरे कर लिए गए थे और मंगलवार दोपहर 3 बजे कानून-व्यवस्था की स्थिति सामान्य थी। 5,797 कर्मियों को तैनात करने की एक योजना भी तैयार की गई थी। कलेक्टर ने कहा कि जिला प्रशासन के पास यह अधिकार नहीं है कि वह दीपथून पर दीपक जलाने के लिए देवस्थानम की जगह किसी और को अधिकृत करे। बता दें कि सुप्रीम कोर्ट बेंच ने 20 नवंबर को यह आदेश दिया था कि 24 नवंबर को उच्ची पिल्लयार मंदिर की पहाड़ी की चोटी पर स्थित दीपथून पर कार्तिगई दीपम जलाया जा सकता है।
The post Karthigai Deepam Controversy : दीपथून पर कार्तिगई दीपम न जला पाने पर मदुरै जिला कलेक्टर ने सुप्रीम कोर्ट में दाखिल की स्टेटस रिपोर्ट, माफी मांगी appeared first on News Room Post.