India Invites Pakistan For SCO Forum : ऑपरेशन सिंदूर के बाद से जारी तल्खी के बीच भारत ने SCO फोरम के लिए पाकिस्तान को न्योता भेजा
नई दिल्ली। ऑपरेशन सिंदूर के बाद से भारत और पाकिस्तान के रिश्तों में जारी तल्खी के बावजूद भारत ने शंघाई सहयोग संगठन (SCO) सिविलाइजेशन डायलॉग फोरम में शामिल होने के लिए पाक को न्योता भेजा है। भारत की ओर से पाकिस्तान के राष्ट्रीय विरासत और संस्कृति मंत्री औरंगजेब खान खिची को निमंत्रण भेजा गया है। भारत की मेजबानी में नई दिल्ली में 20-22 नवंबर को SCO फोरम का आयोजन किया जाएगा, इस कारण से भारत की ओर से SCO के सभी 10 सदस्य देशों को आमंत्रित किया गया है। हालांकि फिलहाल पाकिस्तान ने इस बात की पुष्टि नहीं की है कि औरंगजेब भारत आएंगे या नहीं।
SCO फोरम में शामिल होने के लिए अगर पाकिस्तान के मंत्री औरंगजेब खान खिची भारत आते हैं तो 2023 के बाद पहली बार ऐसा होगा जब पाकिस्तान का कोई मंत्री भारत दौरे पर आए। इससे पहले 4 और 5 मई 2023 को गोवा में आयोजित SCO के विदेश मंत्रियों की बैठक में शामिल होने के लिए पाकिस्तान के तत्कालीन विदेश मंत्री बिलावल भुट्टो जरदारी भारत आए थे। आपको बता दें कि भारत कई बार आतंकवाद को लेकर पाकिस्तान के दोहरा रवैये को दुनिया के सामने उजागर कर चुका है। जम्मू कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद भारत ने पाकिस्तान के साथ सिंधु जल संधि को भी रद्द कर दिया था जिससे पाकिस्तान में पानी का संकट खड़ा हो रहा है।
सिंधु जल संधि की बहाली को लेकर पाकिस्तान की ओर से कई बार भारत को परमाणु हथियारों की गीदड़भभकी भी दी जा चुकी है। हालांकि भारत का रुख एकदम स्पष्ट है और पीएम मोदी भी कह चुके हैं कि भारत न्यूक्लियर धमकियों से डरने वाला नहीं है। ऐसे में अब यह बड़ा सवाल है कि क्या पाकिस्तान सरकार अपने मंत्री को भारत भेजेगी? गौरतलब है कि भारत के अलावा पाकिस्तान, चीन, बेलारूस, रूस, ईरान, कजाकिस्तान, किर्गिस्तान, ताजिकिस्तान और उज्बेकिस्तान SCO के सदस्य देश हैं। भारत साल 2017 में SCO का पूर्ण सदस्य बना था।
The post India Invites Pakistan For SCO Forum : ऑपरेशन सिंदूर के बाद से जारी तल्खी के बीच भारत ने SCO फोरम के लिए पाकिस्तान को न्योता भेजा appeared first on News Room Post.