Ration Card Update: राशन कार्ड धारकों की मौज, सरसों तेल की कीमतों में भारी गिरावट

राशन कार्ड धारकों के लिए एक बहुत अच्छी खबर सामने आई है। हिमाचल प्रदेश में राशन कार्ड धारकों को इस महीने सरकारी उचित मूल्य की दुकानों पर पिछले महीने के मुकाबले सरसों का तेल काफी कम कीमत पर मिलेगा। सरसों के तेल की कीमत अब 160 रुपये प्रति लीटर से घटकर 153 रुपये प्रति लीटर हो गई है। यानी कार्ड धारकों को अब सीधे 7 रुपये की बचत होगी।
Hero Image


इसके साथ ही उपभोक्ताओं के लिए एक और राहत की खबर यह है कि इस महीने से उन्हें रिफाइंड तेल भी उपलब्ध कराया जाएगा। पिछले महीने टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद सरकार ने संबंधित कंपनी को रिफाइंड तेल की आपूर्ति के आदेश दे दिए हैं।

आपको बता दें कि राज्य में पिछले सात महीनों से राशन कार्ड धारक रिफाइंड तेल की कमी के कारण परेशान थे। इस महीने रिफाइंड तेल 135 रुपये प्रति लीटर की दर से बेचा जाएगा। हालांकि सात महीने पहले इसकी कीमत 125 रुपये थी, जिसमें अब थोड़ी बढ़ोतरी हुई है। वहीं अगर अन्य राशन की बात करें तो एपीएल (APL) परिवारों को इस बार प्रति परिवार 12 किलो आटा 12 रुपये की दर से मिलेगा। पिछले महीने 11 किलो और उससे पहले 14 किलो आटा दिया गया था। साथ ही हर परिवार को 13 रुपये की दर से 6 किलो चावल भी दिए जाएंगे।


राज्य के करीब 19 लाख राशन कार्ड धारक सरकारी राशन की दुकानों से इस सस्ती सुविधा का लाभ उठाते हैं। खाद्य आपूर्ति निगम के प्रबंध निदेशक राजेश्वर गोयल ने बताया कि जहां सरसों तेल की कीमतों में गिरावट आई है, वहीं रिफाइंड तेल के दाम थोड़े बढ़े हैं। बाजार में इसकी उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए सप्लाई ऑर्डर जारी कर दिया गया है।

मुफ्त राशन का भी मिलेगा लाभ

एनएफएसए (NFSA) के तहत उचित मूल्य की दुकानों पर 35 किलो राशन मुफ्त दिया जाएगा। अप्रैल के महीने में एनएफएसए, बीपीएल, पीएचएच और अंत्योदय परिवारों को 35 किलो मुफ्त राशन मिलेगा। इसमें 18 किलो 800 ग्राम आटा (1 रुपये 20 पैसे प्रति किलो की दर पर) और 15 किलो चावल शामिल हैं।


कांगड़ा जिले के खाद्य आपूर्ति विभाग के नियंत्रक पुरुषोत्तम सिंह ने पुष्टि की है कि उचित मूल्य की दुकानों पर रिफाइंड तेल की डिलीवरी शुरू हो गई है। इसका सीधा फायदा कांगड़ा जिले के 4,68,974 राशन कार्ड धारक परिवारों को भी मिलेगा।