राघोपुर नाव हादसा: सीओ दीपक कुमार पर गिरी गाज, पातेपुर के अंचल अधिकारी को मिला प्रभार
वैशाली, 16 अक्टूबर (आईएएनएस)। बिहार के वैशाली जिले के राघोपुर में हुए नाव हादसे के बाद सीओ दीपक कुमार पर गाज गिरी है। मामले में जिला प्रशासन ने संज्ञान लेते हुए सीओ दीपक कुमार को हटा दिया। वैशाली के जिला सूचना एवं जनसंपर्क कार्यालय ने यह जानकारी दी।
आदेश में कहा गया, "वैशाली की जिलाधिकारी वर्षा सिंह ने अंचल संबंधी कार्यालयीय कार्यों के सुचारु संचालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से राघोपुर अंचल की प्रशासनिक व्यवस्था में बदलाव किया है।
आदेश के अनुसार, राघोपुर के अधिसूचित अंचल अधिकारी दीपक कुमार को अगले आदेश तक जिला जन शिकायत कोषांग, वैशाली में प्रतिनियुक्त किया गया है। इसमें कहा गया कि जिला पदाधिकारी की ओर से जारी उक्त आदेश तत्काल प्रभाव से लागू हो गया है।
बता दें कि हाल ही में वैशाली जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र में हुए नाव हादसे में 13 बच्चों की मौत हो गई, जबकि छह लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया।
बताया गया कि रामपुर श्यामचंद पंचायत के भगतान टोला में एक घर पर भोज का आयोजन किया गया था। इसमें शामिल होने के लिए गांव के करीब 20 लोग एक छोटी और जर्जर नाव पर सवार होकर ढाब के दूसरी ओर जा रहे थे। इसी दौरान बीच पानी में पहुंचते ही नाव अनियंत्रित होकर पलट गई। नाव पर सवार लोग गहरे पानी में डूबने लगे। यह भी बताया गया कि संबंधित नाव का पहले भी परिचालन किया जा रहा था।
रेस्क्यू के दौरान सभी 13 शव बरामद किए गए।
--आईएएनएस
डीसीएच/