समृद्ध गुजरात प्रदर्शनी में सरकार की योजनाओं के बारे में जान सकेंगे लोग: दिनेश मकवाना
अहमदाबाद, 7 जुलाई (आईएएनएस)। भाजपा सांसद दिनेश मकवाना ने कहा कि सासा फाउंडेशन की ओर से मणिनगर में आयोजित 'समृद्ध गुजरात 2026' प्रदर्शनी में केंद्र और गुजरात सरकार के विभिन्न विभागों के 50 से अधिक स्टॉल लगाए गए हैं। इस प्रदर्शनी में डिफेंस, स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, वित्त समेत अनेक महत्वपूर्ण क्षेत्रों की योजनाओं की जानकारी दी जा रही है, जिससे 25,000 से ज्यादा छात्र और आम नागरिक लाभान्वित होंगे।
मीडिया से बातचीत के दौरान भाजपा सांसद ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत 2047' के विजन के अनुरूप गुजरात सरकार के विभिन्न विभागों ने यहां अपनी योजनाओं और उपलब्धियों को प्रदर्शित किया है। मुझे पूरा विश्वास है कि अहमदाबाद सहित पूरे क्षेत्र के लोगों को इस प्रदर्शनी से लाभ मिलेगा।
एएमसी स्टैंडिंग कमेटी के चेयरमैन कमलेश पटेल ने कहा कि तीन दिवसीय इस प्रदर्शनी का आयोजन बड़े सौभाग्य की बात है। इसमें गुजरात और भारत सरकार की ओर से 50 स्टॉल लगाए गए हैं।
उन्होंने कहा कि तीन दिनों में 25 हजार से अधिक लोग यहां पहुंचेंगे और सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ लेंगे।
कई योजनाएं ऐसी हैं जिनके बारे में आम जनता को जानकारी नहीं होती। सांसद दिनेश मकवाना की पहल पर यह प्रदर्शनी आयोजित की गई है, जिससे पूरे अहमदाबाद क्षेत्र के लोगों को सरकारी योजनाओं की सही जानकारी मिल सकेगी।यह प्रदर्शनी आम नागरिकों, गैर-सरकारी संगठनों (एनजीओ) और व्यावसायिक समूहों के लिए उपयोगी साबित होगी। यहां दृश्य प्रस्तुतियों (विजुअल प्रेजेंटेशन), इंटरएक्टिव सत्रों और अधिकारियों के मार्गदर्शन के माध्यम से लोगों को स्वास्थ्य बीमा, कृषि सब्सिडी, शिक्षा ऋण, रोजगार के अवसर, रक्षा भर्ती तथा वित्तीय समावेशन जैसी केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी जा रही है।