बीएलएफ का दावा: बलूचिस्तान में एफसी कैंप पर हमले में मारे गए 18 पाकिस्तानी सुरक्षाकर्मी
क्वेटा, 5 अक्टूबर (आईएएनएस)। बलूचिस्तान के वाशुक जिले के मशकेल इलाके में फ्रंटियर कॉर्प्स (एफसी) के एक कैंप पर हुए हमले में 18 पाकिस्तानी सुरक्षाकर्मियों के मारे जाने और कई अन्य के घायल होने का दावा किया गया है।
मीडिया को जारी बयान में बलूचिस्तान लिबरेशन फ्रंट (बीएलएफ) के प्रवक्ता मेजर ग्वाहराम बलोच ने कहा कि यह हमला एक अक्टूबर को मशकेल के गोरिंदर इलाके में एफसी की 58वीं विंग के कैंप पर किया गया था।
बयान के मुताबिक, हमलावरों ने कैंप को कई तरफ से घेर लिया और रॉकेट, ग्रेनेड लॉन्चर और दूसरे हथियारों से हमला किया।
द बलूचिस्तान पोस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक, बीएलएफ ने दावा किया कि इलाके में मदद के लिए भेजे गए पाकिस्तानी सेना के एक काफिले पर भी हमला किया गया, जिसमें और लोग हताहत हुए। संगठन ने दावा किया कि मारे गए सुरक्षाकर्मियों के शवों को बाद में हेलीकॉप्टर से पंजगुर ले जाया गया।
बीएलएफ ने अपनी नई महिला विंग की इस हमले में भागीदारी को एक बड़ा घटनाक्रम बताया। संगठन का दावा है कि करीमा आर्म्ड असॉल्ट डिवीजन ने इस ऑपरेशन में अहम भूमिका निभाई। इस यूनिट का गठन हाल ही में किया गया था और इसका नाम दिवंगत बलूच राजनीतिक कार्यकर्ता करीमा बलोच के नाम पर रखा गया है।
ये घटनाएं ऐसे समय सामने आई हैं, जब हाल के दिनों में बलूचिस्तान में पाकिस्तानी सेना और पुलिस को निशाना बनाकर बलूच हथियारबंद समूहों के हमले बढ़ने की खबरें सामने आई हैं।
स्थानीय मीडिया की रिपोर्ट के अनुसार, पिछले महीने बीएलएफ ने दावा किया था कि उसकी नई महिला यूनिट 'करीमा आर्म्ड असॉल्ट डिवीजन' के हमलों में नौ पाकिस्तानी सैन्यकर्मी मारे गए थे। बीएलएफ के प्रवक्ता मेजर ग्वाहराम बलोच के मुताबिक, 22 सितंबर को बलूचिस्तान में तुरबत के पास जुसाक इलाके में चीन-पाकिस्तान आर्थिक गलियारे (सीपीईसी) के हाईवे पर तीन गाड़ियों वाले क्विक रिस्पॉन्स फोर्स (क्यूआरएफ) के काफिले पर हमला किया गया था।
द बलूचिस्तान पोस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक, बीएलएफ ने दावा किया कि 'करीमा आर्म्ड असॉल्ट डिवीजन' के लड़ाकों के इस हमले में छह पाकिस्तानी सैन्यकर्मी मारे गए और कई अन्य घायल हुए।
ग्वाहराम बलोच ने कहा कि इस ऑपरेशन में बीएलएफ की कुरबान यूनिट ने भी 'करीमा आर्म्ड असॉल्ट डिवीजन' की मदद की। उन्होंने दावा किया कि दोनों यूनिट ने पाकिस्तानी बलों की ओर से उन्हें घेरने की कोशिश को नाकाम किया और वहां से निकलने में अपने लड़ाकों की मदद की।
बयान के मुताबिक, हमले में पाकिस्तानी सेना की कई गाड़ियों को भारी नुकसान पहुंचा।
बयान के मुताबिक, मंगुचर बाजार की ओर से एक बख्तरबंद गाड़ी और दो दूसरी गाड़ियों में आ रहे पाकिस्तानी सुरक्षाबलों पर 'करीमा आर्म्ड असॉल्ट डिवीजन' के लड़ाकों ने हमला किया। बीएलएफ ने दावा किया कि इस हमले में दो पाकिस्तानी सैन्यकर्मी मारे गए।
--आईएएनएस
एवाई/एएस