इंदौर में ऑनलाइन ठगे गए डेढ़ लाख रुपये पुलिस ने 24 घंटे में वापस दिलाए

Newspoint

इंदौर, 19 अक्टूबर (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश की व्यापारिक नगरी इंदौर में कपड़ा व्यापारी से ऑनलाइन डेढ़ लाख रुपए की ठगी की गई। पुलिस की सक्रियता से व्यापारी को यह राशि 24 घंटे के भीतर वापस मिल गई। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार कपड़ा व्यापारी विशाल ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसके साथ एक लाख 45 हजार रुपये की ऑनलाइन ठगी हो गई है। पुलिस की अपराध शाखा ने इस मामले पर तत्परता से कार्रवाई की और व्यापारी की रकम वापस दिलाने में सफलता हासिल की।

Hero Image

पुलिस को की गई शिकायत में बताया गया था कि उसको व्हाट्सएप्प पर अज्ञात नंबर से मैसेज आया जिसमें संदिग्ध व्यक्ति द्वारा खुद को बिजली विभाग का अधिकारी बताया और कहा कि आपके द्वारा बिजली बिल का भुगतान नहीं किया गया है जिसके कारण आपकी बिजली रात साढे नौ बजे कट जाएगी। इसके बाद अज्ञात व्यक्ति ने एक लिंक भेजा और कहा कि इस लिंक पर क्लिक करके आप बिल का भुगतान कर सकते है, जिसके बाद आवेदक ने भेजी गई लिंक पर क्लिक कर दिया लेकिन थोड़ी देर बाद ही आवेदक के क्रेडिट कार्ड से राशि ट्रांसफर हो गई, जिसके बाद उन्होंने तत्काल शिकायत दर्ज कराई।

क्राइम ब्रांच इंदौर की सतर्कता और त्वरित कार्यवाही से अज्ञात व्यक्ति द्वारा नाब्रोकर मर्चेंट के माध्यम से ठगी कि संपूर्ण राशि एक लाख 45 हजार रुपए की राशि संदिग्ध खातों में जमा होने से पहले ही सफलतापूर्वक रिफंड कराई गई। पुलिस ने लोगों को ऑनलाइन ठगी करने वालों से सतर्क रहने को कहा है और हिदायत दी है कि गूगल पर दिये गये नंबरों पर विश्वास न करें एवं किसी भी अनजान व्यक्ति के कॉल पर, जब वह स्वयं को किसी संस्थान या सरकारी विभाग से संबंधित बताता है, तो बिना पुष्टि किए तुरंत विश्वास न करें।

पुलिस ने हिदायत दी है कि अपनी बैंकिंग, ओटीपी, पिन या निजी जानकारी किसी भी अजनबी व्यक्ति के साथ, चाहे वह खुद को अधिकृत अधिकारी ही क्यों न बताए, साझा न करें। पुलिस का कहना है कि किसी भी बैंक संबंधी कार्यवाही, पेंशन या सरकारी योजना से जुड़ी प्रक्रिया हेतु केवल अधिकृत अधिकारी अथवा संबंधित कार्यालय या आधिकारिक वेबसाइट से ही संपर्क करें।

--आईएएनएस

एसएनपी/पीएम