बड़े मियां और छोटे मियां को घुसपैठियों से प्यार, गरीबों के हक पर डाल रहे डाका : सीएम योगी
कानपुर, 26 अक्टूबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि देश में दो मियां हैं, एक बड़े मियां और दूसरे छोटे मियां। दोनों को बांग्लादेशी और पाकिस्तानी घुसपैठियों से प्यार है, लेकिन दलितों, वंचितों, गरीबों, किसानों और युवाओं के अधिकारों की चिंता नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि घुसपैठियों को राशन कार्ड और सरकारी सुविधाएं दिलाकर गरीबों के हक पर डाका डालने की कोशिश की जा रही है।
मुख्यमंत्री योगी ने सपा और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि इन दलों को सबक सिखाने का समय आने वाला है। सपा का मतलब ही दंगा, भ्रष्टाचार और परिवारवाद है। विरासत में सत्ता मिल सकती है, लेकिन जनता का विश्वास विरासत में नहीं मिलता। काठ की हांडी बार-बार नहीं चढ़ती। मुख्यमंत्री योगी सोमवार को महर्षि वाल्मीकि जयंती पर बिठूर में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इससे पहले उन्होंने महर्षि वाल्मीकि आश्रम में पूजा-अर्चना और रामायण पाठ किया। इस अवसर पर बिल्हौर और बिठूर विधानसभा क्षेत्रों की 411 करोड़ रुपये से अधिक लागत वाली 48 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया।
मुख्यमंत्री योगी ने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के बयान का उल्लेख करते हुए कहा कि विपक्ष को बताना चाहिए कि पाकिस्तान, बांग्लादेश और अफगानिस्तान से प्रताड़ित होकर आए पात्र हिंदू, बौद्ध, जैन और सिख समुदायों के लोगों को नागरिकता देने की व्यवस्था का विरोध क्यों किया गया। उन्होंने कहा कि नागरिकता संशोधन कानून का विरोध करने वाले दलों को गरीबों और वंचितों के अधिकारों पर भी अपना रुख स्पष्ट करना चाहिए।
मुख्यमंत्री योगी ने सपा की पूर्ववर्ती सरकार पर दंगाइयों और भू-माफिया को संरक्षण देने का आरोप लगाया। उन्होंने कोसी कलां, मुजफ्फरनगर और मथुरा के जवाहर बाग की घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि उस दौर में आम लोगों के साथ पुलिसकर्मी भी सुरक्षित नहीं थे। जवाहर बाग में अवैध कब्जा हटाने पहुंचे पुलिस अधिकारी मुकुल द्विवेदी और संतोष यादव की हत्या कर दी गई थी।
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि बिठूर महर्षि वाल्मीकि की साधना और रामायण की रचना से जुड़ी भूमि है। इसी धरती पर माता सीता को आश्रय मिला और लव-कुश के बाल्यकाल की स्मृतियां जुड़ी हैं। बिठूर नाना साहब पेशवा और तात्या टोपे जैसे स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों की विरासत भी समेटे हुए है।
उन्होंने कहा कि बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर, संत रविदास और महर्षि वाल्मीकि से जुड़े करीब चार हजार स्थलों के विकास की योजना है।
उन्होंने कहा कि लखनऊ में वीरांगना ऊदा देवी पासी, बदायूं में वीरांगना अवंती बाई लोधी और गोरखपुर में वीरांगना झलकारी बाई कोरी के नाम पर महिला पीएसी बटालियन गठित की गई हैं।
मुख्यमंत्री योगी ने बताया कि 67 लाख विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति दी जा रही है। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत पांच लाख से अधिक बेटियों की शादी कराई गई है। पात्र लाभार्थियों को विवाह के लिए एक लाख रुपये की सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। मुख्यमंत्री योगी ने मुख्यमंत्री आवास योजना की रीना और सौरभ यादव, स्वदेशी गोसंवर्धन योजना के आशुतोष पांडेय, लखपति दीदी योजना की सीमा और रुखसार बानो, नंद बाबा दुग्ध मिशन के प्रियांशु, आयुष्मान योजना की सुषमा कुशवाहा तथा प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना की डॉ.
बिल्हौर और बिठूर में लोकार्पित तथा शिलान्यास की गई परियोजनाओं में सड़क संपर्क, धार्मिक पर्यटन, शिक्षा, औद्योगिक आधारभूत सुविधाओं और नागरिक सुविधाओं से जुड़े कार्य शामिल हैं। रामायण सर्किट के अंतर्गत घाटों के विकास, नौका सुविधा और होमस्टे को बढ़ावा देने की योजना है। मंधना-गंगा बैराज-शुक्लागंज-पुरवा-मोहनलालगंज मार्ग के चौड़ीकरण, लखनऊ-मोहान-बांगरमऊ-बिल्हौर मार्ग के सुदृढ़ीकरण और डिफेंस इंडस्ट्रियल कॉरिडोर के कानपुर नोड में आधारभूत सुविधाओं के विकास से जुड़े कार्य भी शामिल हैं।
बिठूर में बोटैनिकल गार्डन, बिल्हौर के ग्राम बनी, चौबेपुर और बिठूर क्षेत्र में मुख्यमंत्री मॉडल कंपोजिट विद्यालयों, न्यू कानपुर सिटी में 30 मीटर चौड़ी सड़क तथा ग्राम बर्रा खानपुर में ईसन नदी पर पुल के निर्माण से संबंधित परियोजनाओं का शिलान्यास किया गया। मुख्यमंत्री योगी ने कानपुर मेट्रो, एयरपोर्ट, लखनऊ से जुड़ने वाले नए एक्सप्रेसवे और ट्रांस गंगा क्षेत्र में नए पुल की स्वीकृति का उल्लेख करते हुए कहा कि इनसे क्षेत्र में आवागमन और विकास को गति मिलेगी।
बिठूर विधायक अभिजीत सिंह सांगा ने क्षेत्र में सड़क, बिजली और घाटों के विकास का उल्लेख किया।
--आईएएनएस
विकेटी/पीएम