बेंगलुरु में गश्त के दौरान पुलिस पर हमला, चार आरोपियों पर केस दर्ज
बेंगलुरु, 6 मई (आईएएनएस)। बेंगलुरु में गश्त के दौरान पुलिसकर्मियों पर हमले का मामला सामने आया है। अमृतहल्ली पुलिस ने इस संबंध में चार अज्ञात आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। घटना शहर के आकाशवाणी लेआउट इलाके में सुबह करीब 3 बजे हुई, जब बीट 3 और 6 पर तैनात दो पुलिसकर्मी नियमित गश्त पर निकले हुए थे।
शिकायत के मुताबिक, गश्त के दौरान पुलिसकर्मियों ने सड़क किनारे एक पजेरो कार खड़ी देखी, जिसमें चार लोग बैठकर शराब पी रहे थे।
विवाद बढ़ने पर चारों आरोपियों ने पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया। शिकायत में बताया गया है कि हमलावरों ने पीछे से पकड़कर पुलिसकर्मियों को काबू में किया और उनके साथ मारपीट की। आरोपियों ने हाथों और अंगूठियों से हमला किया, लात-घूंसे मारे और एक पुलिसकर्मी की वर्दी भी फाड़ दी।
अचानक हुए इस हमले से दोनों पुलिसकर्मी संभल नहीं सके और उन्हें गंभीर चोटें आईं।घटना के दौरान आरोपियों ने पुलिस की गाड़ी की चाबी भी छीन ली और पुलिसकर्मियों को जमीन पर धक्का देकर मौके से फरार हो गए। हमलावर अपनी कार में बैठकर तेजी से वहां से निकल गए। घायल पुलिसकर्मियों को बाद में पास के अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज किया गया। फिलहाल दोनों की हालत स्थिर बताई जा रही है।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है, लेकिन पुलिसकर्मियों ने दावा किया है कि सामने आने पर वे उन्हें पहचान सकते हैं।
इस मामले में भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 121(1), 132, 304 और 3(5) के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपियों का सुराग मिल सके और उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जा सके।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपियों की पहचान के लिए टीम का गठन किया जा रहा है, जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
--आईएएनएस
एसएके/पीएम