'राइज एंड फॉल सीजन 2' का प्रोमो रिलीज, होस्ट के तौर पर नजर आएंगे वीरेंद्र सहवाग
मुंबई, 11 सितंबर (आईएएनएस)। पूर्व भारतीय क्रिकेटर वीरेंद्र सहवाग आगामी रियलिटी शो 'राइज एंड फॉल सीजन 2' से ओटीटी पर डेब्यू करने जा रहे हैं। मेकर्स ने शुक्रवार को शो की पहली झलक पेश की।
प्रोमो में वीरेंद्र सहवाग अपने फेमस मजेदार अंदाज में जिंदगी के उतार-चढ़ाव के बारे में बात करते हैं और फिर दर्शकों को इस रियलिटी शो की अनिश्चितता भरी दुनिया से रूबरू कराते हैं, जहां दांव ऊंचे हैं और कोई भी पोजीशन परमानेंट नहीं है।
पेंटहाउस और बेसमेंट की दो अलग-अलग दुनियाओं में बसे इस गेम में 15 सेलेब्स को दो ग्रुप में बांटा गया है, रूलर्स और वर्कर्स। जहां रूलर्स पेंटहाउस की सारी सुविधाओं का मजा लेते हैं, वहीं वर्कर्स को बेसमेंट की मुश्किलों का सामना करना पड़ता है। यहां हर फैसला, हर दोस्ती और हर चाल गेम का रुख बदल सकती है।
वीरेंद्र सहवाग का मानना है कि क्रिकेट और रियलिटी शो में समानता यह है कि दोनों के आखिरी तक कुछ भी हो सकता है।
उन्होंने कहा कि जैसे क्रिकेट में आखिरी बॉल तक मैच पलट सकता है, वैसे ही इस शो में भी आखिरी तक कुछ भी हो सकता है और यहां आसानी से जीत नहीं मिलती।
उन्होंने आगे कहा, "हमारे लिए सबसे बड़ी चुनौती सिर्फ टॉप पहुंचना नहीं बल्कि यह जानना है कि वहां कैसे बने रहना है। आपको पता होना चाहिए कि अब अटैक करना है, जब डिफेंड करना है और सबसे जरूरी बात, गेम को कब समझना है, इससे पहले कि वह आपको समझे।
बनिजय एशिया द्वारा प्रोड्यूस किया गया एमएक्स ओरिजिनल 'राइज एंड फॉल सीजन 2' प्राइम वीडियो पर फ्री में स्ट्रीम होगा।
--आईएएनएस
एनएस/पीएम