एनसीआर : पूरे हफ्ते मौसम रहेगा साफ, बढ़ेगा गर्मी का ग्राफ, एक्यूआई भी रेड जोन में पहुंचा
नोएडा, 15 अप्रैल (आईएएनएस)। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में एक बार फिर भीषण गर्मी का दौर शुरू होने जा रहा है। इंडिया मेट्रोलॉजिकल डिपार्टमेंट (आईएमडी) के ताज़ा पूर्वानुमान के अनुसार पूरे सप्ताह आसमान साफ रहेगा और तापमान लगातार बढ़ोतरी दर्ज करेगा।
आंकड़ों के अनुसार 15 अप्रैल से 20 अप्रैल तक अधिकतम तापमान 36 डिग्री से बढ़कर 39 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है, जबकि न्यूनतम तापमान भी 21 से बढ़कर 23 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है।
पूरे सप्ताह साफ आसमान रहेगा, जिससे धूप तेज होगी और गर्मी का असर और अधिक महसूस किया जाएगा। सिर्फ गर्मी ही नहीं, बल्कि वायु प्रदूषण भी चिंता का विषय बनता जा रहा है। एक्यूआई के आंकड़ों के अनुसार, एनसीआर के कई इलाकों में हवा की गुणवत्ता खराब से बेहद खराब श्रेणी में पहुंच गई है।
ग्रेटर नोएडा और गाजियाबाद में स्थिति और गंभीर नजर आ रही है। ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क-3 में एक्यूआई 221 दर्ज किया गया, जबकि नॉलेज पार्क-5 में यह 334 तक पहुंच गया, जो ‘गंभीर’ श्रेणी में आता है। गाजियाबाद के लोनी क्षेत्र में एक्यूआई 316 और वेद विहार-लोनी में 320 दर्ज किया गया है।
स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार लोगों को दोपहर के समय बाहर निकलने से बचना चाहिए, पर्याप्त पानी पीना चाहिए और मास्क का उपयोग करना चाहिए। आने वाले दिनों में एनसीआर के लोगों को गर्मी और प्रदूषण दोनों की दोहरी मार झेलनी पड़ सकती है।
--आईएएनएस
पीकेटी/एएस